देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामलों में लगातार कमी देखी जा रही है. अब देश में एक्टिव केस की तादाद भी घटकर 10 लाख से नीचे आ गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 70,421 नए मामले दर्ज किए गए हैं. वहीं, बीते 24 घंटे में 3921 मरीजों की घातक वायरस की वजह से मौत हुई है. पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामलों की संख्या एक लाख से नीचे बनी हुई है. हालांकि, मौतों के आंकड़े अब भी डराने वाले हैं.
नए मामले आने के साथ देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या दो करोड़ 95 लाख से अधिक हो गई है. देश में अब तक 3,74,305 लोगों की मौत हो चुकी है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 1,19,501 लोग संक्रमण से मुक्त हुए हैं जबकि अब तक 2 करोड़ 80 लाख से ज्यादा लोग बीमारी को मात दे चुके हैं. पिछले 24 घंटे में नए मामलों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा होने से एक्टिव केस में कमी आई है. देश में एक्टिव केसों की संख्या 10 लाख से नीचे आ गई है.