उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में चल रहे प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले में रविवार शाम उस वक्त अजीब ही माहौल हो गया, जब मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की लाइव परफॉर्मेंस के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और माइक पर ही उन्हें फटकार लगा दी. कार्यक्रम में मौजूद लोगों के सामने मंत्री की नाराजगी खुलकर दिखाई दी, जिसका वीडियो भी चर्चा में है.
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के मुताबिक, मेले के मुख्य मंच पर दलेर मेहंदी परफॉर्मेंस दे रहे थे. इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंचे और माइक अपने हाथ में लेकर गायक को खरी-खरी सुनाने लगे. मंत्री को यह कहते हुए सुना गया, "बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गा पाओगे."
सुबोध उनियाल ने कहा, "इतना पैसा देकर हमने आपको बुलाया है. आप बेवकूफ बना रहे हैं. आपसे बोला तो जा नहीं रहा है आप गाना क्या गाएंगे."
मंच पर हुई इस टिप्पणी के बाद दलेर मेहंदी उन्हें शांत कराते देखे गए.
40 लाख रुपये लेकर दिया परफॉर्मेंस
जानकारी के अनुसार, कुंजापुरी मेले के इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को करीब 40 लाख रुपये की फीस देकर बुलाया गया था. हालांकि कार्यक्रम के दौरान उनकी प्रस्तुति को लेकर सवाल उठने लगे. आरोप है कि गायक मंच पर सामान्य स्थिति में नजर नहीं आ रहे थे और वे कई जगहों पर ओरिजिनल लाइव सिंगिंग की बजाय रिकॉर्डेड ट्रैक के साथ लिप सिंक करते दिखाई दिए.यही बात मंत्री सुबोध उनियाल को नागवार गुजरी और वे सीधे मंच पर पहुंच गए.
कुंजापुरी मेला उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में गिना जाता है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. फिलहाल, दलेर मेहंदी या उनके प्रतिनिधियों की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: 'कानून का सम्मान नहीं, प्रदर्शन बुलाने के आदी...', CJP के सौरव दास-आशुतोष रांका को लेकर अदालत ने क्या कहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं