विज्ञापन

दलेर मेहंदी से माफी मांगने के विवाद पर बोले मंत्री, ‘क्या मैंने कोई अपराध किया है?’

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से माफी मांगने की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है. मंत्री का कहना है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की, इसलिए माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता.

दलेर मेहंदी से माफी मांगने के विवाद पर बोले मंत्री, ‘क्या मैंने कोई अपराध किया है?’
दलेर मेहंदी से माफी मांगने की खबरों पर सुबोध उनियाल का जवाब
Instagram
नई दिल्ली:

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर दलेर मेहंदी से माफी मांगने की खबरों को खारिज कर दिया है. हाल ही में दोनों के बीच हुए विवाद के बाद ऐसी खबरें आई थीं कि मंत्री ने इस मामले पर खेद जताया है, लेकिन उन्होंने इन दावों को गलत बताया. सत्य वाणी को दिए एक इंटरव्यू में सुबोध उनियाल ने कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है, इसलिए माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने यह भी पूछा कि आखिर उन्हें दलेर मेहंदी से माफी क्यों मांगनी चाहिए.

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने दलेर मेहंदी से माफी मांगी है, तो उन्होंने साफ तौर पर इनकार करते हुए कहा, "मेरा माफी मांगने का प्रश्न ही नहीं है." मंत्री उनियाल ने आगे सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर उन्होंने ऐसा कौन सा गलत काम किया है, जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी पड़े. इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा, "ये बताइए, क्या मैंने कोई अपराध किया है जो मैं माफी मांगूं?" सुबोध उनियाल ने उन खबरों पर भी नाराजगी जताई, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है. उनका कहना था कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें या तो अपना कार्यक्रम रद्द कर देना चाहिए था या फिर पहले ही आयोजकों और दर्शकों को अपनी सेहत के बारे में जानकारी दे देनी चाहिए थी.

मंत्री ने आगे कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी, तो उन्हें प्रोग्रॉम में नहीं आना चाहिए था. उन्होंने कहा, "अगर तबीयत खराब थी तो नहीं आना चाहिए था. अगर आए भी थे, तो जनता को बता देते कि तबीयत खराब है." सुबोध उनियाल ने यह भी सवाल उठाया कि इस पूरे विवाद में आखिर गलती किसकी थी. उन्होंने कहा, "मैं कहता हूं, अपराधी कौन है?" उनके मुताबिक, माफी उसी व्यक्ति को मांगनी चाहिए जिसने गलती की हो. मंत्री ने साफ किया कि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने कोई गलती की है, इसलिए माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता.

माफी की अटकलें क्यों लगी थीं?

इस पूरे विवाद के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है. दरअसल, मीका सिंह की टीम की ओर से जारी एक बयान में दावा किया गया था कि मंत्री ने फोन पर हुई बातचीत के दौरान इस घटना को लेकर खेद जताया था. बयान में कहा गया था, "हम सराहना करते हैं कि सुबोध उनियाल जी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर दलेर मेहंदी पाजी से फोन पर बात करते हुए माफी मांगी है. कलाकारों और उनकी गरिमा का सम्मान करना बेहद जरूरी है. दलेर पाजी एक सीनियर कलाकार हैं, जिन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में बड़ा योगदान दिया है और हर कलाकार सम्मान का हकदार है."

हालांकि, अब सुबोध उनियाल ने इन खबरों को गलत बताते हुए साफ कर दिया है कि उन्होंने कोई माफी नहीं मांगी. उनका कहना है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की, इसलिए माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता.

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

इस मामले पर मीका सिंह ने भी वीडियो शेयर करते हुए अपने भाई का सपोर्ट किया था. इसके साथ ही उन्होंने IANS से बातचीत में बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों भाइयों को राज्य आने के लिए इनवाइट किया था. बाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीका सिंह ने बताया कि उनकी पुष्कर सिंह धामी से बात हुई थी. उन्होंने मुख्यमंत्री के बिहेवियर की तारीफ करते हुए कहा कि जब भी वे देहरादून जाते हैं, मुख्यमंत्री उनसे बेहद प्यार औरसादगी से मिलते हैं.

मीका ने कहा, "आज सुबह ही मेरी अपने बड़े भाई, करीबी दोस्त और बेहद सम्मानित व्यक्ति उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी से बात हुई. जब भी मैं देहरादून जाता हूं, वो बहुत प्यार से मिलते हैं. उन्होंने दलेर पाजी और मुझसे बेहद विनम्रता और सम्मान के साथ बात की. उन्होंने मंत्री की ओर से माफी की पेशकश की थी, हालांकि मैंने उनसे कहा कि इसकी जरूरत नहीं है, क्योंकि उनकी कोई गलती नहीं थी."

यह भी पढ़ें | दलेर मेहंदी के साथ बदसलूकी पर सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, भाई मीका सिंह ने दिया ये रिएक्शन

क्या हुआ था दलेर मेहंदी के प्रोग्रॉम में?

ये पूरा मामला तब शुरू हुआ जब दलेर मेहंदी उत्तराखंड में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में परफॉर्म कर रहे थे. कार्यक्रम के दौरान राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल ने उनकी परफॉर्मेंस पर आपत्ति जताई. मंत्री का आरोप था कि दलेर मेहंदी कार्यक्रम के दौरान शराब के नशे में थे और लाइव गाने की बजाय सिंक कर रहे थे. ये कार्यक्रम नवरात्रि के दौरान एक धार्मिक आयोजन में हो रहा था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Daler Mehndi Controversy, Subodh Uniyal Apologises, Mika Singh On Daler Mehendi Meeka Singh, Ndtv Hindi, Hindi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com