विज्ञापन

कोलकाता में कई जगह बुलडोजर एक्शन, सोना पप्पू की संपत्तियों पर भी कार्रवाई, अभिषेक बनर्जी ने निगम से मांगा समय

कोलकाता में नगर निगम (KMC) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया, जिसमें तिलजाला, कस्बा और बेलेघाटा समेत कई इलाकों में कार्रवाई हुई. इस दौरान कुख्यात आरोपी सोना पप्पू से जुड़ी संपत्तियों को भी ध्वस्त किया गया.

कोलकाता में कई जगह बुलडोजर एक्शन, सोना पप्पू की संपत्तियों पर भी कार्रवाई, अभिषेक बनर्जी ने निगम से मांगा समय
  • कोलकाता नगर निगम ने तिलजाला, कस्बा और बेलेघाटा में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया.
  • अवैध निर्माणों के खिलाफ नोटिस के बाद मकान मालिकों के जवाब न मिलने पर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण किया गया.
  • तिलजाला में अवैध कारखाने में आग लगने के बाद सुरक्षा कारणों से और कार्रवाई तेज की गई है.

कोलकाता नगर निगम (KMC) ने रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों- तिलजाला, कस्बा और बेलेघाटा में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. इस कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए ढांचों को चिन्हित कर ध्वस्त किया गया. अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंजाम दिया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. नगर निगम ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई.

KMC के अधिकारी तिलजाला के वार्ड-66 में पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच इमारतों के अनाधिकृत हिस्सों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया. इस वार्ड का प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक जावेद खान के बेटे फैयाज अहमद खान करते हैं. अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह का अभियान बेलेघाटा पुलिस थाना क्षेत्र में ईस्ट कुरिया रोड पर भी चलाया गया, जहां तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता राजू नस्कर से कथित तौर पर जुड़ी एक इमारत को ध्वस्त कर दिया गया.

नोटिस का नहीं मिला जवाब, फिर  बुलडोजर एक्शन

केएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि 21 मई को मकान मालिक को नोटिस जारी कर 48 घंटों के भीतर संबंधित भवन दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया था. मकान मालिक की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर आज अतिक्रमण रोधी दल ने कार्रवाई शुरू कर दी. श्रमिकों ने पहले हथौड़ों और कुल्हाड़ियों का इस्तेमाल करके ढांचे के कुछ हिस्सों को हाथ से तोड़ा, जिसके बाद बड़े हिस्सों को गिराने के लिए बुलडोजर की मदद ली गई.

Latest and Breaking News on NDTV

सोना पप्पू' से जुड़े कस्बा इलाके के कुछ हिस्सों में भी ध्वस्तीकरण

यह कार्रवाई तिलजाला में एक अवैध कारखाने में आग लगने की घटना के बाद की गई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी. इस बीच, भूमि घोटाले के आरोपी ‘सोना पप्पू' से जुड़े कस्बा इलाके के कुछ हिस्सों में भी ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया. आरोप है कि वहां बिना अनुमति के पांच मंजिला इमारत का निर्माण किया गया था.

अभिषेक बनर्जी ने KMC से मांगा समय

तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) से अपनी 17 संपत्तियों के संबंध में जारी नोटिस का जवाब देने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है. केएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एनडीटीवी को यह जानकारी दी. इसी बीच, कोलकाता नगर निगम (केएमसी) रविवार को तिलजाला, बेलियाघाटा और कस्बा में बुलडोजर का उपयोग करके 6 अवैध इमारतों को ध्वस्त कर रहा है, जिनमें सोना पप्पू से जुड़ी इमारतें भी शामिल हैं.

पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कस्बा का दौरा किया और अभियान की निगरानी कर रहे नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों से बातचीत की. पॉल ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान भ्रष्टाचार बेरोक-टोक फलता-फूलता रहा. नगर निगम के अधिकारियों की जानकारी और प्रभावशाली नेताओं के संरक्षण में पैसों के बदले अवैध निर्माण किए गए.

उन्होंने कहा कि अगर पुलिस कार्रवाई करना भी चाहती, तब भी वह ज्यादा कुछ नहीं कर सकती थी. अवैध निर्माण में शामिल सभी लोगों के साथ-साथ ऐसी अनियमितताओं को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. पॉल ने नगर निगम के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया के दौरान आस-पास की आवासीय इमारतों को कोई नुकसान न पहुंचे.

ये भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा, अनु मीणा, दीपिका नागर, लक्ष्मी प्रिया की मौत से मैं बहुत परेशान हूं

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bulldozer Action At Multiple, Kolkata Bulldozer Action 2026, KMC Demolition Drive Kolkata
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com