ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए नेताओं के रात के डिनर में कई तरह के डिश का इंतजाम किया गया है. यानी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के लिए भी डिनर परोसा जाएगा और उन्हें रात के खाने में भारत और दुनियाभर के लजीज पकवान परोसा जाएगा. इस डिनर में भारत के पारंपरिक स्वाद और दुनिया के लोकप्रिय व्यंजनों का अनोखा मेल परोसा जाएगा. मेहमानों के स्वागत की शुरुआत 'दिल्ली 75' नाम के खास स्पाइस्ड गुआवा एंड मिंट कूलर से होगी.
इसके साथ एक स्पार्कलिंग वेलकम बेवरेज भी परोसी जाएगी. आयोजकों ने मेन्यू को इस तरह तैयार किया है कि विदेशी मेहमानों को भारत की विविध खाद्य संस्कृति का स्वाद भी मिले और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का अनुभव भी.

अमृतसरी फिश टिक्का
स्टार्टर में क्या होगा?
स्टार्टर सेक्शन में भारतीय व्यंजनों को प्रमुखता दी गई है. इसमें अमृतसरी फिश टिक्का, मशहूर गलौटी कबाब के साथ उल्टा तवा पराठा, बुर्राटा और चार्ड बीटरूट चाट और मिनी दिल्ली पापड़ी चाट शामिल हैं. इन व्यंजनों के जरिए उत्तर भारत के अलग-अलग स्वादों को एक ही प्लेट में पेश करने की कोशिश की गई है.
वहीं अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों में ट्रफल मशरूम वोल-ओ-वेंट, सिट्रस एंड हर्ब ग्रिल्ड फिश और रोस्टेड वेजिटेबल एंड क्विनोआ सलाद रखा गया है. यानी मेहमानों को भारतीय और वैश्विक दोनों तरह के फ्लेवर का विकल्प मिलेगा.
मेन कोर्स में दाल बुखारा, बिरयानी...
मेन कोर्स में भारतीय खाने के शौकीनों के लिए खास इंतजाम किया गया है. मेन्यू में मशहूर दाल बुखारा, सब्ज़ बिरयानी, पनीर खुर्चन और विभिन्न प्रकार की भारतीय ब्रेड शामिल हैं. ये ऐसे व्यंजन हैं जिन्हें भारत की क्लासिक पाक परंपरा का प्रतिनिधि माना जाता है.
इसके साथ पश्चिमी देशों में लोकप्रिय व्यंजनों को भी मेन्यू का हिस्सा बनाया गया है. हर्ब-क्रस्टेड सी बास विद लेमन बटर, ट्रफल पार्मेजान रिसोटो, ग्रिल्ड सीजनल वेजिटेबल्स और रोस्टेड बेबी पोटेटोज मेहमानों को परोसे जाएंगे.

पनीर खुर्चन
मीठे में क्या है?
डिनर में मिठाइयों का भी खास इंतजाम किया गया है. 'इंडिया ऑन ए प्लेट' नाम से पेश की जाने वाली केसर रस मलाई विद पिस्ता भारतीय मिठास का स्वाद देगी. इसके अलावा चॉकलेट फोंडेंट विद वनीला बीन आइसक्रीम और ताजे मौसमी फल भी मेन्यू में शामिल हैं.
डिनर का समापन भारत की पारंपरिक मेहमाननवाजी के प्रतीकों के साथ होगा. मेहमानों को मसाला चाय, दक्षिण भारतीय फिल्टर कॉफी, पेटिट फोर्स और भारतीय मिठाइयां परोसी जाएंगी.

केसर रसमलाई
कुल मिलाकर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इस डिनर में भारत की पाक विरासत, आधुनिक स्वाद और वैश्विक व्यंजनों का ऐसा मेल देखने को मिलेगा, जो दुनिया भर से आए नेताओं के लिए एक खास अनुभव साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: विवादों का पूरा-पूरा समाधान.. जिनपिंग की भारत यात्रा से पहले चीन ने दिया बड़ा संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं