- बीड़-बिलिंग में दर्दनाक हादसा, पैराग्लाइडर से गिरकर नोएडा के युवक की मौत
- हिमाचल के विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट की सुरक्षा पर फिर सवाल
- टेंडम उड़ान के दौरान युवक गिरा, पायलट पर FIR, जांच में जुटी पुलिस
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में एक बड़ा हादसा हो गया. ग्रेटर नोएडा के 26 वर्षीय शुभम डोभियाल की टेंडम पैराग्लाइडिंग उड़ान के दौरान नीचे गिरने से मौत हो गई. उड़ान भरने के करीब छह मिनट बाद वह पैराग्लाइडर से अलग होकर जंगल में जा गिरा. घटना के बाद पुलिस ने पायलट के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है. शुरुआती जांच में सेफ्टी बेल्ट या हार्नेस में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है.
उड़ान के छह मिनट बाद हुआ हादसा
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा निवासी शुभम डोभियाल अपनी बहन और तीन अन्य रिश्तेदारों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आया था. मंगलवार को उसने बिलिंग से स्थानीय पायलट विनय कुमार के साथ टेंडम पैराग्लाइडिंग उड़ान भरी थी. उड़ान शुरू होने के करीब छह मिनट बाद अचानक शुभम पैराग्लाइडर से नीचे गिर गया. वह निर्धारित लैंडिंग साइट के पास स्थित घने जंगल वाले इलाके में जा गिरा. हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
परिवार को लैंडिंग के बाद मिली हादसे की जानकारी
शुभम के परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसी दिन पैराग्लाइडिंग की थी. उन्हें हादसे की जानकारी तब मिली जब वे अपनी उड़ान पूरी कर लैंडिंग साइट पर पहुंचे. परिजनों को बाद में पायलट की ओर से बताया गया कि शुभम उड़ान के दौरान नीचे गिर गया है.
सुरक्षित उतरा पायलट, फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
पुलिस की तरफ से मिली जानकारी अनुसार गंभीर हादसे के बावजूद पायलट विनय कुमार सुरक्षित लैंडिंग करने में सफल रहा. जमीन पर पहुंचने के बाद उसने अन्य पैराग्लाइडिंग पायलटों और स्थानीय लोगों को यात्री के गिरने की जानकारी दी. इसके बाद तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया. कई घंटों की तलाश के बाद देर शाम जंगल क्षेत्र से शुभम का शव बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना ERSS-112 हेल्पलाइन के माध्यम से मिली थी. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 10 नवंबर को EVENT ID 736559 के तहत शिकायत दर्ज कराई गई थी कि पैराग्लाइडिंग के दौरान एक युवक पहाड़ियों में गिर गया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक के साथ मौजूद वशिका के बयान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के तहत दर्ज किए गए. बयानों के आधार पर बीड़ पुलिस थाना में 11 नवंबर 2026 को FIR संख्या 89/2026 दर्ज की गई. पुलिस ने पायलट विनय कुमार, निवासी कोटली, तहसील बैजनाथ, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है.
सेफ्टी बेल्ट और हार्नेस की जांच
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर उड़ान के दौरान पर्यटक पैराग्लाइडर से कैसे गिर गया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यात्री की सेफ्टी बेल्ट या हार्नेस उड़ान के दौरान ढीली हो गई हो या फिर उसमें कोई तकनीकी खराबी आई हो. पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञ अब पैराग्लाइडिंग उपकरणों की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
'हर एंगल से कर रहे हैं जांच'
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि टेंडम पैराग्लाइडिंग में पर्यटक पूरी तरह पायलट और सुरक्षा उपकरणों पर भरोसा करते हैं, इसलिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन होना बेहद जरूरी है.
दुनिया के प्रमुख पैराग्लाइडिंग स्थलों में शुमार, फिर भी ऐसी सुरक्षा
बीड़-बिलिंग देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थलों में से एक माना जाता है. हर साल यहां हजारों भारतीय और विदेशी पर्यटक एडवेंचर एक्टिविटी का अनुभव लेने पहुंचते हैं. लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर टेंडम पैराग्लाइडिंग की सुरक्षा व्यवस्था, उड़ान से पहले उपकरणों की जांच, सेफ्टी हार्नेस की गुणवत्ता और पायलटों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें : मंडी में टला बड़ा हादसा, हाईटेंशन तार में फंसा रूसी पैराग्लाइडर, सुरक्षित बचाया गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं