- असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन किया है.
- असदुद्दीन ओवैसी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हिंदुत्व और मुस्लिम राजनीति को लेकर कड़ी आलोचना की है.
- ओवैसी ने कहा कि SP के मुस्लिम नेता राममंदिर फैसले पर पूर्वजों की तुलना में कमजोर और अस्थिर राजनीति कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले नया गठबंधन सामने आया है. AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी ने गठबंधन किया है. इस गठबंधन के बाद यूपी में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है. इस बीच ओवैसी ने एनडीटीवी से खास बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा है. दिसंबर के महीने में अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा तय हुआ है. जहां वह सपरिवार श्रीरामलला मंदिर में दर्शन करेंगे. जिसको लेकर अभी से राजनीति तेज हो गई है. अब अखिलेश यादव के इस दौरे पर असदुद्दीन ओवैसी ने भी उन पर निशाना साधा है.
ओवैसी का अखिलेश यादव पर निशाना
अगर आप हिंदुत्व की विचारधारा को अपना रहे हैं तो खुलकर कह दीजिए, लेकिन हमने अपने बुजुर्गों के पैरों में बैठकर जो राजनीति सीखी है, उसमें यही कहा गया है कि आप जो कर रहे हैं, उसमें आप क्लोन कहलाएंगे. ओवैसी ने कहा 2010 में जब इलाहाबाद हाईकोर्ट का जजमेंट राममंदिर और बाबरी मस्जिद पर आया था, तब मुलायम सिंह यादव ने उस फैसले को अपोज नहीं किया था, आजम खान ने भी अपोज किया था. आज जितने भी सपा के मुस्लिम विधायक और सांसद हैं उनके मुंह में दही जम गया है, उनके पूर्वज इस मामले में जेल नहीं गए थे.'
वहीं जब ओवैसी से पूछा गया कि अखिलेश यादव अगर मस्जिद जाएंगे तब भी आप यही कहेंगे. इस पर ओवैसी ने कहा कि जब वह मुस्लिम का नाम नहीं ले सकते हैं तो इस पर क्या कहा जाए. सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता आहिस्ता, निकलता आ रहा है आफताब आहिस्ता आहिस्ता.'
12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 12 दिसंबर को अयोध्या दौरा प्रस्तावित हुआ है. जहां वह अपने परिवार के साथ श्रीरामलला मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन करेंगे. अखिलेश यादव साधु-संतों से भी मिलेंगे. अखिलेश के इस दौरे पर राजनीति तेज हैं, बीजेपी उन पर लगातार निशाना साध रही है, वहीं अब असदुद्दीन ओवैसी ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा है.
ये भी पढ़ेंः ओवैसी बोले- चंद्रशेखर आजाद हमारे सीएम उम्मीदवार, INDIA गठबंधन पर किया तीखा वार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं