विज्ञापन

पंजाब में नशे पर अमित शाह का बड़ा वार, कहा- बेटा, भाई और पति खोने वालों को क्या जवाब देगी AAP?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब दौरे के दौरान नशे के मुद्दे पर AAP सरकार को घेरा. उन्होंने गुरदासपुर, संगरूर और मानसा में नशे के खिलाफ लड़ाई से जुड़े तीन पीड़ित परिवारों से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि जमीनी हालात कागजी रिपोर्टों से कहीं ज्यादा झकझोरने वाले हैं.

पंजाब में नशे पर अमित शाह का बड़ा वार, कहा- बेटा, भाई और पति खोने वालों को क्या जवाब देगी AAP?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
NDTV
1177595:

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पंजाब दौरे पर हैं. लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पंजाब में नशे के मुद्दे और नशा विरोधी कार्यकर्ताओं की मौत को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए. शाह ने कहा कि विजयदशमी के दिन उन्होंने गुरदासपुर, संगरूर और मानसा का दौरा कर तीन पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उनके मुताबिक, गुरदासपुर के 40 वर्षीय विक्रमजीत सिंह, संगरूर के गुलजार सिंह और मानसा के परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ लड़ाई से जुड़े थे और इसी कारण उनकी हत्या हुई या उन्हें आत्महत्या करनी पड़ी.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वह कई दुखद घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मिले हैं, लेकिन इन तीन परिवारों से मिलने के बाद उन्होंने खुद को बेहद दुखी पाया. उन्होंने दावा किया कि नशे के कारोबार से परेशान स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान पंजाब की जो स्थिति सामने आई, वह दिल्ली में मिलने वाली कागजी रिपोर्टों से कहीं ज्यादा झकझोरने वाली है. उन्होंने AAP सरकार से सवाल किया कि जिन परिवारों ने अपना बेटा, भाई या पति खोया है, उन्हें सरकार क्या जवाब देगी. मानसा में शाह ने परविंदर सिंह झोटा के परिवार से भी मुलाकात की और परिवार को CBI जांच का भरोसा दिया.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं जब पहले पंजाब में आया था तब मैंने भाजपा की नशा मुक्त पंजाब की रैली को संबोधित करने आया था. मैं आया था नशे के कारोबार को समाप्त करने की अपील करने लेकिन उल्टा मुझ पर ही आरोप मढ़ दिए गए. आज मैं यहां दुखी लोगों को सांत्वना देने आया, मेरा कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं था. लेकिन मुझे अपशब्द कहे गए. मैं उनको केवल इतना ही कहना चाहता हूं कि मुझे अपशब्द कहने से कुछ नहीं होगा. अगर आपको संतुष्टि मिलती है तो कहें, लेकिन नशे के कारोबार को तो समाप्त कीजिए, चिट्टे के कारोबार को तो समाप्त कीजिए. मैं पंजाब सरकार और उनके मुखियाओं को याद कराने आया हूं कि आप 3 महीने में नशे के कारोबार को समाप्त करने का वादा करके गद्दी पर बैठे हैं. 5 साल हो गए, नशे का कारोबार बढ़ता ही जा रहा है. यहां तक की आपके सिपाही भी पकड़े जाते हैं. उनके पास से 10-12 किलो हिरोइन भी पकड़ी जाती है. जो लोग नशे के कारोबार को विरोध करते हैं, उन्हें आत्महत्या करनी पड़ती है, उन्हें मार दिया जाता है... शर्म आनी चाहिए पंजाब की AAP सरकार के कर्ता-धर्ताओं को."

अमित शाह ने कहा कि पंजाब की जनता से मेरा सवाल है कि AAP सरकार नशे पर रोक क्यों नहीं लगा पाई? नशा पकड़े जाने के बाद फॉरेंसिक लैब में उसकी जांच तक नहीं हो रही है. हर जिले में नशा तस्करों का एक गैंग बना हुआ है. मेरा पंजाब के लोगों से वादा है कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बना दिया जाएगा. हमने अनुच्छेद 370 हटाया, आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अब पंजाब से नशे को समाप्त कर इसे नशामुक्त बनाएंगे. नशे के कारण जिन लोगों की जान गई है, उन्हें हम सच्ची श्रद्धांजलि देते हैं. पंजाब के लोगों से मेरा आग्रह है कि नशे के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद रखें.

ये भी पढ़ें : लखनऊ शिवा शर्मा मौत मामला: आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार, नागपुर से यूपी STF ने पकड़ा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, Punjab News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com