विज्ञापन
This Article is From Jul 23, 2022

आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव की जताई संभावना, कहा- गिर जाएगी शिंदे सरकार

आदित्य ठाकरे ने यह भी कहा कि शिवसेना के बागी विधायकों ने उनके पिता एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को उस वक्त धोखा दिया, जब वह अस्वस्थ थे.

आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव की जताई संभावना, कहा- गिर जाएगी शिंदे सरकार
आदित्य ठाकरे ने एकनाथ सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली:

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने शनिवार को दावा किया कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही गिर जाएगी. साथ ही उन्होंने दावा किया की जल्द ही राज्य में मध्यावधि चुनाव भी कराए जाएंगे. ‘शिव संवाद यात्रा' के तीसरे दिन पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा में ठाकरे ने यह भी कहा कि शिवसेना के बागी विधायकों ने उनके पिता एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को उस वक्त धोखा दिया, जब वह अस्वस्थ थे. पैठण से शिवसेना विधायक एवं पूर्व मंत्री संदीपन भुमरे का विधानसभा क्षेत्र है. वह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के बागी खेमे में शामिल हो गए हैं.

आदित्य ठाकरे ने कहा कि मेरी बात को याद रखें, यह सरकार जल्द ही गिर जाएगी और महाराष्ट्र को मध्यावधि चुनाव का सामना करना पड़ेगा. ठाकरे ने भुमरे के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि पिछली महा विकास आघाड़ी सरकार में शिवसेना के मंत्रियों को धन नहीं मिला. ठाकरे ने कहा कि पैठण क्षेत्र को मराठवाड़ा जल-ग्रिड परियोजना के तहत पहली योजना मिली. उन्होंने कहा कि भुमरे को पांच बार विधानसभा का टिकट दिया गया. जब मैंने सोचा कि हमने इन लोगों के लिए क्या कुछ किया तो मेरी आंखों में आंसू आ गए. लेकिन यह रोने का समय नहीं है, यह लड़ने का समय है.

राज्य को पिछले एक पखवाड़े में भारी बारिश का सामना करना पड़ा और कई लोगों की जान चली गई, लेकिन सरकार केवल दो लोगों (शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस) द्वारा चलाई जा रही है. आदित्य ठाकरे ने 40 बागी विधायकों को ‘‘गद्दार'' करार दिया, जिन्होंने शिवसेना को विभाजित करने की उस वक्त साजिश रची जब उनके पिता अस्वस्थ थे और कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व कर रहे थे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uddhav Thackeray, Aaditya Thackeray, Eknath Shinde
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com