केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार (Ananth Kumar) का 59 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. वह कैंसर से जूझ रहे थे और बेंगलुरु में सोमवार को आखिरी सांस ली. भाजपा नेता अनंत कुमार साल 1996 से दक्षिणी बेंगलुरु का लोकसभा में प्रतिनिधित्व करते थे. उनके पास दो महत्वपूर्ण मंत्रालय थे और वह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कद्दावर मंत्रियों में से एक थे. गौरतलब है कि अनंत कुमार (Ananth Kumar) लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था. पिछले दिनों उन्हें बेंगलुरु लाया गया था और एक अस्पताल में इलाज चल रहा था. बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत में सुधार भी हो रहा था लेकिन अचानक तबीयत फिर खराब हो गई और सोमवार को तड़के देहांत हो गया. अनंत कुमार के परिवार में उनकी पत्नी तेजस्विनी और बेटी ऐश्वर्या और विजेता हैं. समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक अनंत कुमार का पार्थिव शरीर बेंगलुरु के नेशनल कॉलेज में रखा जाएगा. जहां लोग उन्हें आखिरी श्रद्धांजलि दे सकेंगे. आपको बता दें कि अनंत कुमार (Ananth Kumar) के पास दो महत्वपूर्ण मंत्रालय थे. उनके पास साल 2014 से रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय था. साथ ही जुलाई 2016 में उन्हें संसदीय कार्यमंत्री का जिम्मा भी सौंपा गया था. अनंत कुमार का जन्म 22 जुलाई 1959 को बेंगलुरु में हुआ था. उन्होंने केएस आर्ट्स कॉलेज से बीए की पढ़ाई की थी. उसके बाद जेएसएस लॉ कॉलेज से एलएलबी की डिग्री भी हासिल की थी.
पूरी स्टोरी पढ़ें
Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world
Ananth Kumar, Ananth Kumar Death, BJP, Union Minister Ananth Kumar, PM Modi, Anant Kumar