विज्ञापन
This Article is From Feb 16, 2021

दिशा रवि को लेकर अनिल विज के ट्वीट को हटाने से ट्विटर ने किया इनकार

ट्विटर ने मंत्री को अधिसूचित किया कि उसे इस ट्वीट को लेकर एक शिकायत मिली थी, लेकिन जांच के बाद पाया गया कि इस ट्वीट ने किसी दिशा-निर्देश का उल्लंघन नहीं किया है

दिशा रवि को लेकर अनिल विज के ट्वीट को हटाने से ट्विटर ने किया इनकार
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज (फाइल फोटो).
चंडीगढ़:

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने सोमवार को जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी के संबंध में ट्वीट किया कि ‘‘देश विरोध का बीज जहां कहीं भी हो, उसका समूल नाश कर देना चाहिए.'' इस ट्वीट को लेकर मिली शिकायत के आधार पर जांच करने के पश्चात ट्विटर ने इसे हटाने से इनकार कर दिया. ट्विटर ने मंत्री को अधिसूचित किया कि उसे इस ट्वीट को लेकर एक शिकायत मिली थी, लेकिन जांच के बाद पाया गया कि इस ट्वीट ने किसी दिशा-निर्देश का उल्लंघन नहीं किया है.

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने विज के ट्वीट की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘निश्चित ही इस प्रकार के ट्वीट हमारे लोकतंत्र के लिए उस ‘टूलकिट' से कहीं अधिक खतरनाक हैं, जिसे दिशा रवि ने रीट्वीट किया था.'' भाजपा नेता विज ने ट्वीट किया, ''देश विरोध का बीज जिस किसी के भी दिमाग में हो, उस बीज को जड़ से उखाड़ फेंकना चाहिये, फिर चाहे वह दिशा रवि हो या कोई और.'' 

विज ने यह टिप्पणी पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी के दो दिन बाद की है. दिशा रवि को सोशल मीडिया पर किसानों के प्रदर्शन से संबंधित ''टूलकिट'' कथित रूप से साझा करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि 21 वर्षीय कार्यकर्ता ''टूलकिट गूगल डॉक'' की संपादक हैं और दस्तावेज बनाने और उसका प्रसार करने वाली ''मुख्य साजिशकर्ता'' हैं. दिशा रवि को साइबर प्रकोष्ठ ने शनिवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था.

पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का समर्थन करने के लिए एक ''टूल किट '' साझा की थी. इस ''टूल किट '' में विभिन्न कदमों के बारे में जानकारी दी गई थी जिनमें ट्विटर पर विरोध करना, भारतीय दूतावासों के बाहर प्रदर्शन करना शामिल था.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anil Vij, Disha Ravi, Tweet
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com