विज्ञापन
This Article is From Apr 10, 2016

प्रिंस विलियम, केट मिडिलटन मुंबई पहुंचे, 26/11 में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि

प्रिंस विलियम, केट मिडिलटन मुंबई पहुंचे, 26/11 में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
नई दिल्‍ली: भारत-भूटान की सात दिवसीय यात्रा पर प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन मुंबई पहुंच गए हैं। पहली बार भारत पहुंचे प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ने 26/11 हमले में अपनी जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। दोपहर बारह बजे से पहले यह शाही दंपत्ति मुंबई पहुंचे जहां उन्होंने ताज पैलेस होटल पर स्थित 26/11 स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां उन्होंने होटल के उस स्टाफ से भी बातचीत की जो नवंबर 2008 के उस हमले के वक्त मौजूद थे। बता दें कि यह होटल गेटवे ऑफ इंडिया के सामने 1911 में बना था जब किंग जॉर्ज 5 और क्वीन मैरी मुंबई आए थे।

प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन भारत और भूटान की सात दिवसीय यात्रा पर हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच के मजबूत रिश्तों को और बेहतर बनाएगी। प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन यहां पर क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति और परिवार का आनंद भी लेंगे।

ताजमहल भी जाएंगे
इससे पहले ब्रिटिश उच्चायोग ने बताया था कि, 'भारत यात्रा के दौरान वे देश को जोड़ने वाले चार जुनून - क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति एवं परिवार - का अनुभव हासिल करेंगे।' प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ताजमहल देखने भी जाएंगे। शाही दंपति की यात्रा का ब्योरा देते हुए उच्चायोग ने कहा था कि रविवार को वे ओवल मैदान जाकर मुंबई की तीन परमार्थ संस्थाओं - मैजिक बस, डोरस्टेप और इंडियाज चाइल्डलाइन - के लाभार्थियों एवं प्रतिनिधियों के बीच होने वाले क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाएंगे।

रविवार शाम वे कारोबार और बॉलीवुड की कुछ जानी-मानी हस्तियों के साथ रात्रिभोज करेंगे और मुंबई के फिल्म एवं रचनात्मक उद्योग के बारे में जानेंगे। सोमवार को वे नई दिल्ली आएंगे, जहां वे भारत के सैन्य योगदानों को सम्मान व्यक्त करेंगे एवं महात्मा गांधी को याद करेंगे। शाही दंपति असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की भी सैर करेंगे, जहां वे ग्रामीण लोगों की जिंदगी में संरक्षण की भूमिका के बारे में जानेंगे। इसके बाद वे भूटान की यात्रा पर चले जाएंगे।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
प्रिंस विलियम, केट मिडिलटन, भारत यात्रा, ताजमहल, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान, Prince William, Kate Middleton, Kate Middleton India Visit, Tajmahal, Kaziranga National Park
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com