चेन्नई:
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को तमिलनाडु यात्रा के दौरान काले झंडे दिखाने की वजह से विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं डीएमडीके के ए. विजयकांत को सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं संग हिरासत में ले लिया गया। डीएमडीके ने राज्य से जुड़े तीन मुद्दों पर केंद्र द्वारा उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे डीएमडीके नेता विजयकांत और बड़ी संख्या में उनके समर्थकों को सेदापेट इलाके से एहतियातन गिरफ्तार किया गया। प्रधानमंत्री इन दिनों राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं। पुलिस ने बाद में 750 कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया। चेन्नई में भी प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे लहराए। विजयकांत ने चेन्नई में प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किया। डीएमडीके ने मुल्लापेरियार बांध विवाद, कुडनकुलम परमाणु विद्युत परियोजना एवं कावेरी जल विवाद के विषय में केंद्र की निष्क्रियता की आलोचना की। विजयकांत ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री पर मुल्लापेरियार बांध के मुद्दे पर ध्यान न देने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री जयललिता भी इस ओर कोई कदम नहीं उठा रही हैं।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
पीएम, विरोध, तमिलनाडु, गिरफ्तार