विज्ञापन
This Article is From Jun 12, 2020

सीतामढ़ी (बिहार) में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नेपाल बॉर्डर पुलिस ने की गोलीबारी, एक मज़दूर ने गंवाई जान

सीतामढ़ी के सोनबरसा नाम की जगह पर नेपाल पुलिस द्वारा फ़ायरिंग में एक स्थानीय ग्रामीण की मौत की ख़बर मिली है और दो लोग इस घटना में घायल हुए हैं.

बिहार के सीतामढ़ी जिले में भारत-नेपाल बॉर्डर पर हुई फायरिंग की घटना.
  • सीतामढ़ी में भारत-नेपाल बॉर्डर पर फायरिंग
  • नेपाल पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप
  • घटना में एक ग्रामीण की मौत, दो घायल
सीतामढ़ी:

बिहार के सीतामढ़ी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल पुलिस की ओर से फायरिंग किए जाने की खबर है. जानकारी है कि इस फायरिंग में एक ग्रामीण की मौत हो गई है. सीतामढ़ी के सोनबरसा नाम की जगह पर नेपाल पुलिस द्वारा फ़ायरिंग में एक स्थानीय ग्रामीण की मौत की ख़बर मिली है और दो लोग इस घटना में घायल हुए हैं. घायलों का इलाज सीतामढ़ी के सदर अस्पताल में चल रहा है.

नेपाली पुलिस ने दावा किया कि भारतीय नागरिकों का समूह दक्षिणी सीमा पार कर जबरन नेपाली क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था. नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक नारायण बाबू थापा ने बताया कि यह घटना तब हुई जब भारत-नेपाल सीमा से नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे 25-30 भारतीयों के एक समूह ने पर्सा ग्रामीण नगर पालिका के नारायणपुर क्षेत्र में नेपाली सुरक्षाकर्मी पर हमला किया. उन्होंने कहा, ‘‘कोरोनावायरस महमारी के मद्देनजर लॉकडाउन में तैनात किए गए सशस्त्र पुलिस बल की अग्रिम टुकड़ी द्वारा सीमा पर रोके जाने के बाद दर्जनों अन्य लोग उनके साथ शामिल हो गए और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया.”

थापा ने कहा, “उन लोगों ने हमारे एक सुरक्षाकर्मी से हथियार भी छीन लिया. हवा में 10 राउंड गोली चलाने के बाद एक सुरक्षाकर्मी को आत्मरक्षा में उन पर गोलियां चलानी पड़ीं जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.”

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिहार के सीतामढ़ी से आने वाले भारतीय नागरिक लॉकडाउन के बाद भी नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने सुरक्षा बलों के खिलाफ बल प्रयोग भी किया. थापा ने कहा कि यह घटना ‘नो मेन्स लैंड' से लगभग 75 मीटर नेपाली सरजमीं में हुई. घटना के बाद नेपाली सुरक्षा बल के अधिकारियों ने अपने भारतीय समकक्षों से बात की और अब स्थिति सामान्य हो गई है. अधिकारी ने कहा, ‘‘हम मामले की और जांच कर रहे हैं.'' (इनपुट भाषा से...)

वीडियो: भारत-चीन सीमा विवाद पर चीन की कथनी-करनी में फर्क

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Firing Over Bihar Nepal Border, Nepal Police, Bihar Sithamadhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com