विज्ञापन
This Article is From Apr 13, 2018

लाभ के पद का मामला : 17 मई को चुनाव आयोग के सामने होगी AAP के विधायकों की सुनवाई

23 मार्च को हाइकोर्ट ने चुनाव आयोग के उस आदेश को रद्द कर दिया था जिसमें आम आदमी पार्टी के विधायकों की सदस्यता ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में समाप्त की गई थी.

लाभ के पद का मामला : 17 मई को चुनाव आयोग के सामने होगी AAP के विधायकों की सुनवाई
नई दिल्‍ली: चुनाव आयोग ने ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में आम आदमी पार्टी के विधायकों की मौखिक सुनवाई के लिये 17 मई की तारीख तय की है. चुनाव आयोग ने विधायकों को भेजी चिट्ठी में कहा है कि वो 17 मई को दोपहर 3 बजे खुद पेश होकर अपना पक्ष रखें या फिर अपने वकील को भेजें. गौरतलब है कि 23 मार्च को हाइकोर्ट ने चुनाव आयोग के उस आदेश को रद्द कर दिया था जिसमें आम आदमी पार्टी के विधायकों की सदस्यता ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में समाप्त की गई थी. आम आदमी पार्टी के विधायकों की दलील थी कि चुनाव आयोग में उनकी सुनवाई नहीं हुई और विधायकों को अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया गया.

दिल्ली हाईकोर्ट ने आप के 20 विधायकों को राहत देते हुए अयोग्यता के नोटिफिकेशन को रद्द कर दिया था. फैसले के वक्त हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग को फिर से इस मामले पर सुनवाई करने को कहा था.

हाईकोर्ट के इस फैसले को जहां आम आदमी पार्टी ने सच्‍चाई की जीत बताया था वहीं कांग्रेस के अजय माकन ने कहा था कि 'आम आदमी पार्टी के विधायकों को त्वरित राहत दी गई है. आम आदमी पार्टी को खुश होने की जरूरत नहीं. हाईकोर्ट ने राष्ट्रपति के फैसले को निरस्त नहीं किया है. हाईकोर्ट ने यह नहीं कहा है कि चुनाव आयोग का फैसला आया है, वह गलत है. आप को हाईकोर्ट से तत्काल राहत मिली है.'

गौरतलब है कि आप विधायकों को 19 जनवरी 2018 को चुनाव आयोग ने लाभ के पद के आरोप में अयोग्य घोषित कर दिया था, जिसके बाद राष्ट्रपति ने चुनाव आयोग की सलाह पर मोहर लगाते हुए सभी 20 विधायकों को अयोग्य बताया था. खास बात यह है कि आप के इन 20 विधायकों दिल्ली सरकार ने संसदीय सचिव नियुक्त किया था.

कौन हैं वो 20 अयोग्य विधायक
1. जरनैल सिंह, तिलक नगर
2. नरेश यादव, मेहरौली
3. अल्का लांबा, चांदनी चौक
4. प्रवीण कुमार, जंगपुरा
5. राजेश ऋषि, जनकपुरी
6. राजेश गुप्ता, वज़ीरपुर
7. मदन लाल, कस्तूरबा नगर
8. विजेंद्र गर्ग, राजिंदर नगर
9. अवतार सिंह, कालकाजी
10. शरद चौहान, नरेला
11. सरिता सिंह, रोहताश नगर
12. संजीव झा, बुराड़ी
13. सोम दत्त, सदर बाज़ार
14. शिव चरण गोयल, मोती नगर
15. अनिल कुमार बाजपई, गांधी नगर
16. मनोज कुमार, कोंडली
17. नितिन त्यागी, लक्ष्मी नगर
18. सुखबीर दलाल, मुंडका
19. कैलाश गहलोत, नजफ़गढ़
20. आदर्श शास्त्री, द्वारका

VIDEO: AAP के 20 विधायकों को दिल्ली HC से राहत, अयोग्यता का फैसला रद्द
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
20 AAP Lawmakers, Office Of Profit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com