विज्ञापन

हरियाणा: टोल प्लाजा पर कब्जा...सड़कों पर उतरे किसान, रबी फसल खरीद के नए नियमों पर मचा बवाल

हरियाणा में रबी फसल खरीद के नए नियमों के विरोध में किसान सड़कों पर उतर आए हैं. कई जिलों में हाईवे जाम कर दिए गए हैं जिससे यातायात प्रभावित हुआ है और प्रशासन किसानों को मनाने में जुटा है.

हरियाणा: टोल प्लाजा पर कब्जा...सड़कों पर उतरे किसान, रबी फसल खरीद के नए नियमों पर मचा बवाल

Haryana Farmers Protest News: हरियाणा में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों का विरोध तेज हो गया है. सिरसा में भावदीन टोल के पास किसान नेशनल हाईवे पर बैठ गए हैं जबकि हांसी में रामायण टोल पर किसानों ने सभी लेन बंद कर दी. इस दौरान किसानों और मौके पर पहुंचे डीएसपी के बीच बहस भी हुई. किसानों ने प्राइवेट बसों को भी टोल से वापस लौटा दिया.

हिसार में भी किसानों ने नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की जहां पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक हुई. जाम के चलते यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई वाहन घंटों फंसे रहे. यात्री बसों से उतरकर पैदल जाते नजर आए.

करनाल से रोहतक तक प्रदर्शन

करनाल के असंध में किसानों ने 709-A रोड को जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. वहीं रोहतक में मकड़ौली टोल पर किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सांकेतिक धरना दिया और चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन होगा. इसके अलावा भिवानी पानीपत कैथल यमुनानगर और फतेहाबाद में भी किसान सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं.

क्या हैं नए नियम जिनका हो रहा विरोध

सरकार ने रबी फसल खरीद के लिए कई नए नियम लागू किए हैं. अब किसानों को मंडी आने से पहले स्लॉट बुक करना जरूरी है. मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बिना फसल नहीं बिकेगी.

वाहन का नंबर पहले देना अनिवार्य किया गया है जबकि कई ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट नहीं होती. इसके अलावा फसल की गुणवत्ता के सख्त मानक तय किए गए हैं और अधिक नमी होने पर फसल रिजेक्ट हो सकती है. हालांकि भुगतान सीधे बैंक खाते में 72 घंटे के भीतर करने की व्यवस्था भी की गई है.

किसान नेताओं ने बताया क्यों हो रहा विरोध

किसान नेताओं का कहना है कि पोर्टल रजिस्ट्रेशन बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और अन्य शर्तों से किसानों को परेशानी हो रही है. उनका आरोप है कि सरकार नए नियमों के जरिए किसानों को उलझा रही है और फसल खरीद में दिक्कतें बढ़ रही हैं. राकेश टिकैत ने कहा कि यह विरोध किसानों की मजबूरी है और यदि नियम वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन और तेज होगा.

प्रशासन ने संभाला मोर्चा, बातचीत की कोशिश

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर हालात संभालने की कोशिश की. एडीजीपी सौरभ सिंह ने अधिकारियों को किसानों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कानून तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

यह भी पढ़ें- Khatushyamji: चुनावी नतीजों से पहले बाबा श्याम की शरण में CM हिमंता बिस्वा शर्मा, जीत के लिए लगाई अर्जी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com