विज्ञापन

गुरुग्राम: पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी की पत्नी ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर दी जान, पति पर मारपीट का आरोप

इस मामले में परिजनों के अनुसार घर में आए दिन झगड़े होते थे. उनका दावा है कि इसी वजह से दीपा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं. 

गुरुग्राम: पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी की पत्नी ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर दी जान, पति पर मारपीट का आरोप
गुरुग्राम की एमवीएन सोसाइटी में एक महिला ने आत्महत्या कर ली.

गुरुग्राम के सोहना-दोहला रोड स्थित एमवीएन सोसाइटी में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. टावर नंबर-8 की तीसरी मंजिल से एक महिला ने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए तो महिला को जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा. घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मृत महिला की पहचान दीपा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह सोसाइटी के पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी जतिन उर्फ जितेंद्र की पत्नी थीं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया.

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि दीपा लंबे समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रही थीं. उनका आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था और उन्हें मानसिक रूप से भी प्रताड़ित करता था. परिवार का कहना है कि लगातार हो रहे विवादों और कथित उत्पीड़न से वह गहरे दबाव में थीं.

परिजनों के अनुसार घर में आए दिन झगड़े होते थे. उनका दावा है कि इसी वजह से दीपा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं. परिवार का आरोप है कि हालात इतने खराब हो गए थे कि उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.

8 साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि दीपा अपने पीछे 8 साल के बेटे को छोड़ गई हैं. मां की मौत के बाद बच्चे के सिर से हमेशा के लिए ममता का साया उठ गया. घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

पति के खिलाफ केस दर्ज

जांच अधिकारी हरिओम के मुताबिक, मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और लगाए गए आरोपों की गहराई से पड़ताल कर रही है.

यह भी पढ़ें- 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram Suicide, Gurugram Family, Gurugram Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com