हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी है. इसी बीच, पुलिस की एक कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है. गुरुग्राम पुलिस ने ऐसी बाइक को जब्त किया है, जिस पर 26 पेंडिंग चालान थे और कुल जुर्माना ₹1.05 लाख तक पहुंच चुका था. सेक्टर 4/7 चौक पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान गाड़ी जब्त की गई. जांच में सामने आया कि बाइक पर ट्रैफिक नियमों के कई उल्लंघन दर्ज थे. इनमें नंबर प्लेट, बिना बीमा और अन्य नियमों का उल्लंघन शामिल था.
90 दिन के बाद भी चालान का भुगतान नहीं
मैन्युअल और सीसीटीवी निगरानी के जरिए ये चालान जारी किए गए थे. लेकिन आरोपी चालक ने 90 दिनों के भीतर चालान का भुगतान नहीं किया. इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 167(8) के तहत बाइक को जब्त कर लिया. बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. यह पिछले दो महीनों में इस तरह की चौथी बड़ी कार्रवाई है.
बार-बार नियम तोड़ने पर सख्ती बरत रही पुलिस
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी पेंडिंग चालान का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वाहन को छोड़ा नहीं जाएगा. साथ ही चालक को कुछ समय के लिए हिरासत में भी लिया गया. ट्रैफिक विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे समय पर चालान का भुगतान करें और नियमों का पालन करें. निर्धारित समय सीमा में चालान जमा नहीं करने पर इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
यह भी पढ़ेंः बीजेपी नेता की 2 सगी बहनों से शादी, पहली पत्नी को शॉपिंग करवाई तो दूसरी नाराज; फिर आ गई युवक की मौत की खबर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं