विज्ञापन

145 करोड़ के घोटाले मामले में ED ने की 12 ठिकानों पर रेड, बैंक और पंचकूला नगर निगम की साजिश का खुलासा

ED की जांच में सामने आया है कि नगर निगम के एक अधिकारी, बैंक के अफसर और कुछ निजी लोग मिलकर इस घोटाले को अंजाम दे रहे थे.

145 करोड़ के घोटाले मामले में ED ने की 12 ठिकानों पर रेड, बैंक और पंचकूला नगर निगम की साजिश का खुलासा
पंचकूला समेत 12 ठिकानों पर हुई रेड
Haryana:

चंडीगढ़ में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जहां प्रवर्तन निदेशालय (ED)  ने 145 करोड़ रुपये के घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है. ED की चंडीगढ़ जोनल ऑफिस की टीम ने बुधवार (22 अप्रैल 2026) को चंडीगढ़, पंचकूला, जीरकपुर, डेराबस्सी और राजपुरा समेत 12 ठिकानों पर रेड की है.यह पूरा मामला पंचकूला नगर निगम के पैसों की हेराफेरी से जुड़ा है, जिसमें कोटक महिंद्रा बैंक के कुछ अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगे हैं. छापेमारी के दौरान ED को कई अहम दस्तावेज, एग्रीमेंट और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूत मिले हैं.

जांच की शुरुआत हरियाणा के एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा दर्ज FIR के आधार पर हुई थी. FIR में खुलासा हुआ था कि करीब 145 करोड़ रुपये की सरकारी रकम को एक सुनियोजित साजिश के तहत गबन किया गया.

नगर निगम के नाम पर दो नकली बैंक अकाउंट

ED की जांच में सामने आया है कि नगर निगम के एक अधिकारी, बैंक के अफसर और कुछ निजी लोग मिलकर इस घोटाले को अंजाम दे रहे थे. आरोप है कि बैंक के अधिकारियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए नगर निगम पंचकूला के नाम पर दो नकली बैंक अकाउंट खोल दिए. इसके बाद असली खातों में मौजूद सरकारी पैसे को फर्जी मंजूरी पत्रों के जरिए इन नकली खातों में ट्रांसफर कर दिया गया. इतना ही नहीं, बैंक अधिकारियों ने फर्जी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर इन ट्रांजैक्शन्स को मंजूरी भी दिलवाई, जबकि असली ईमेल आईडी अलग थीं.

पैसों की हेराफेरी में लगा पूरा नेटवर्क

जांच में यह भी सामने आया है कि पैसे की हेराफेरी का पूरा एक नेटवर्क था. इस पैसे को अलग-अलग लोगों और फाइनेंसरों के पास भेजा गया, और बाद में कुछ रकम वापस बैंक अधिकारियों और उनके परिजनों तक पहुंचाई गई. इसके अलावा, इस पैसे को रियल एस्टेट कंपनियों और अन्य लोगों में भी लगाया गया.

हैरानी की बात यह है कि नगर निगम पंचकूला को इस पूरे खेल की भनक तक नहीं लगी. उन्हें फर्जी FDR दस्तावेज दिए गए, जिनमें दिखाया गया कि 145 करोड़ रुपये 16 फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश किए गए हैं.
ED ने इस मामले में कई आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की, जिनमें बैंक अधिकारी, नगर निगम के पूर्व अधिकारी और निजी लोग शामिल हैं. छापेमारी में कई अहम सबूत बरामद हुए हैं.

फिलहाल ED इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

यह भी पढ़ेंः पहले लिव-इन पार्टनर, अब युवती ने की आत्महत्या... 1 हफ्ते में 5 सुसाइड के केस से कुरुक्षेत्र में हड़कंप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com