सूरत के पॉश माने जाने वाले वेसु इलाके के आभवा रोड स्थित लग्जरी वेंकेंजा सोसायटी के आई टावर में रहने वाला एक बुजुर्ग दंपती लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण 11 वें मंजिल पर फंस गया. घटना उस समय हुई जब दंपती अपने फ्लैट से नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुआ था. लिफ्ट 11वीं मंजिल के पास पहुंची ही थी कि अचानक बीच में रुक गई और उसके बाद दोनों अंदर ही कैद हो गए.
लिफ्ट में एक घंटे तक फंसे रहे बुजुर्ग दंपती
जानकारी के मुताबिक, इस हाल में दंपती ने शुरुआत में अपने मोबाइल फोन से परिवार और सोसायटी के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन लिफ्ट के भीतर मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने के कारण किसी से बात नहीं हो सकी. अचानक हुई इस स्थिति से दोनों घबरा गए. कुछ ही देर में लिफ्ट के अंदर का माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया, क्योंकि लंबे समय तक बंद जगह में रहने से उन्हें सांस लेने में भी परेशानी होने लगी.
गार्ड की वजह से बच पाई जान
करीब एक घंटे तक दोनों पति-पत्नी लिफ्ट के अंदर से लगातार आवाज लगाते रहे. शुरुआत में उनकी आवाज किसी तक नहीं पहुंची, लेकिन बाद में बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड का ध्यान इस ओर गया. गार्ड ने तुरंत सोसायटी प्रबंधन को जानकारी दी और साथ ही सूरत फायर ब्रिगेड को भी सूचना भेजी. सूचना मिलते ही वेसु इलाके के सब फायर ऑफिसर किशोर पटेल और उनकी टीम मौके पर पहुंची. फायर कर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया तो पता चला कि बुजुर्ग दंपती पिछले लगभग एक घंटे से लिफ्ट में फंसा हुआ है और काफी डरा-सहमा हुआ है, जिस वजह से समय गंवाए बिना रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
दरवाजे को काटकर बुजुर्ग दंपती को बाहर निकाला गया
फायर विभाग की टीम ने विशेष उपकरणों की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी समस्या अधिक होने के कारण अंततः दरवाजे को काटकर खोलना पड़ा. करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बाहर आते ही दंपती ने राहत की सांस ली. घटना में किसी प्रकार की किसी को क्षति नहीं हुई है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर हाईराइज इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा और आपातकालीन संचार व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस: समर्थ ने डमी के गले में फंदा डालकर दिखाया, गिरिबाला भी मौजूद, CBI ने पूछे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं