किचन के कपड़े तेल- मसाले लगने की वजह से काफी ज्यादा गंदे हो जाते हैं. इन कपड़ों में गैस स्टोव, किचन काउंटर और बर्तनों की सफाई करते-करते ग्रीस, दाग इतने ज्यादा जमा हो जाते हैं कि इसे साफ करना काफी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में अक्सर हर सप्ताह या 15 दिन पर कपड़ा बदलना पड़ जाता है. अगर आप भी बार-बार कपड़ैा बदलकर थक गए हैं, तो यहां हम आपको एक ऐसा हैक्स बताएंगे जिससे आप इन गंदे कपड़ों को नए जैसा कर सकते हैं. इससे आपको नए कपड़े खरीदने की जरूरत नहीं महसूस होगी. इस तरीके के KSV South Indian YouTube चैनल पर शेयर किया गया है. यहां जानते हैं किचन के गंदे टॉवल्स को कैसे साफ करें?
वीडियो में देखें किचन का टॉवेल साफ करने का तरीका...
गर्म पानी में भिगोकर करें सफाई
यूट्यूब चैनल के वीडियो में बताया गया है कि सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गर्म पानी लें. इसमें थोड़ा सा नमक, डिटर्जेंट पाउडर और थोड़ा लिक्विड क्लीनर या वॉशिंग सॉल्यूशन मिला दें. इसके बाद सारे गंदे किचन टॉवल और कपड़ों को इस पानी में डुबोकर छोड़ दें. अगर कपड़े ज्यादा गंदे हैं, तो उन्हें कई घंटों तक या पूरे दिन के लिए भिगोकर रखा जा सकता है. इसे 8 से 12 घंटे के लिए छोड़ दें. इससे कपड़ों में जमी चिकनाई और गंदगी ढीली पड़ जाती है जिससे साफ करना बगुत ही आसान हो जाता है.
अब हल्के हाथों से करें क्लीन
भिगोने के बाद कपड़ों को निकालकर साबुन लगाएं और हाथों से हल्के-हल्के रगड़ें. ऐसा करने पर तेल और चिकनाई आसानी से निकलने लगती है. बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ती. कपड़ों को दो से तीन बार साफ पानी में धोएं. जब तक पानी पूरी तरह साफ न दिखने लगे, तब तक उन्हें रिंस करते रहें. इससे डिटर्जेंट और गंदगी दोनों निकल जाते हैं.
सूखने के बाद दिखेगा फर्क
कपड़ों को धूप में अच्छी तरह सुखा लें. वीडियो में दिखाया गया है कि पुराने और बेहद गंदे दिखने वाले किचन टॉवल भी इस प्रक्रिया के बाद काफी साफ और नए जैसे नजर आने लगते हैं. अगर आप चाहते हैं कि कपड़ों से अच्छी महक आए, तो आखिरी धुलाई में फैब्रिक कंडीशनर मिला सकते हैं. वीडियो में ये भी बताया गया है कि नमक और क्लीनर की जगह डेटॉल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें - घंटों रगड़े बिना चमकेंगे किचन के सालों पुराने बर्तन, बस अपनाएं ये सीक्रेट घरेलू नुस्खे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं