विज्ञापन

हल्दी की सब्जी कैसे बनाएं? राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी बनाने का आसान तरीका

कभी हल्दी की सब्जी बनाई है? नीचे बताई रेसिपी को इस सर्दी एक बार जरूर बनाएं, शरीर रहेगा गरम.

हल्दी की सब्जी कैसे बनाएं? राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी बनाने का आसान तरीका
हल्दी की सब्जी रेसिपी
NDTV

सर्दियों के मौसम में राजस्थान की थाली की बात ही कुछ और होती है, और जब बात हो कच्ची हल्दी की सब्जी की, तो स्वाद और सेहत का एक ऐसा मेल मिलता है जो शायद ही किसी और डिश में मिले. ठिठुरती हुई ठंड के दिनों में यह पारंपरिक रेसिपी किसी वरदान से कम नहीं है, बता दें, इसे राजस्थान और उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए बनाया जाता है.  हल्दी की तासीर गर्म होती है, इसलिए यह शरीर को अंदर से गर्माहट देती है, जोड़ों के दर्द से राहत दिलाती है और इम्यूनिटी को मजबूत करती है.

सबसे मजेदार बात यह है कि जितनी यह गुणकारी है, खाने में उतनी ही लाजवाब लगती है. चलिए, इस पारंपरिक डिश को बनाने का आसान तरीका क्या है जानते हैं.

सामग्री:

  • कच्ची हल्दी (200 ग्राम)
  • शुद्ध घी (100 ग्राम)
  • दही (1 कप)
  • लहसुन (15 से 20 कलियां)
  • हरी मिर्च (4 से 5)
  • तेज पत्ता (1)
  • जीरा (1 छोटा चम्मच) 
  • हरी इलायची (2)
  • नमक (स्वादानुसार)
  • लाल मिर्च पाउडर (आवश्यकतानुसार)
  • धनिया पाउडर (आवश्यकतानुसार)
  • हल्दी पाउडर (आवश्यकतानुसार)
  •  हरा धनिया (गार्निशिंग के लिए)

बनाने की विधि:

  1. सबसे पहले कच्ची हल्दी को पानी से धोकर साफ कर लें.
  2. अब इसे बारीक वाले कद्दूकस से कस लें, आप चाहें तो इसे छोटे टुकड़ों में भी काट सकते हैं, लेकिन कद्दूकस करने से यह मसालों में अच्छे से घुल मिल जाएगी.
  3. एक भारी तले की कढ़ाई में शुद्ध घी गर्म करें.
  4. जब घी पिघल जाए, तो इसमें तेज पत्ता, जीरा और हरी इलायची डालें. 
  5. इसके बाद बारीक कटा हुआ लहसुन और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड के लिए भून लें.
  6. अब इसमें कद्दूकस की हुई हल्दी डालें.
  7. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए हल्दी को कम से कम 15 मिनट तक भूनें, ताकि इसका कच्चापन पूरी तरह खत्म हो जाए.
  8. जब हल्दी घी छोड़ने लगे और उसका कच्चापन निकल जाए, तब आंच को बिल्कुल धीमा कर दें या गैस बंद कर दें.
  9.  अब इसमें फेंटा हुआ दही और स्वादानुसार नमक मिलाएं.
  10.  इस समय नमक डालने से दही कढ़ाई में फटता नहीं है, लगातार चलाते हुए मसाले को तब तक पकाएं जब तक घी ऊपर न तैरने लगे और ग्रेवी एकसार न हो जाए.
  11. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया छिड़क दें.
  12. राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी बनकर बिल्कुल तैयार है.

इसे भी पढ़ें: मटर का हलवा कैसे बनता है? कच्चे मटर का हलवा बनाने का आसान तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com