छठ एक ऐसा पर्व है, जिसमें नैचर से जुड़ी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. 4 दिनों के इस पर्व के दूसरे दिन यानि खरना में प्रसाद के रूप में गुड़ की खीर और घी लगी रोटी का प्रसाद चढ़ाया जाता है. इस प्रसाद का स्वाद कई लोगों को पसंद होता है. गुड़ की मलाईदार खीर हर किसी का मन मोह लेती है, लेकिन कभी-कभी जल्दबादी में गलती करने से गुड़ की खीर फट सकती है. ऐसे में खीर बनाने की मेहनत खराब हो जाती है. वहीं, अगर आप दूसरे दिन भी अगर खीर बनाएं, तो इसे बनाते समय एक गलती न करें. अगर आप ऐसा करते हैं, तो इससे खीर बिगड़ सकता है. यहां हम आपको गुड़ की खीर बनाने का सही तरीका बताने जा रहे हैं, जिससे दूध नहीं फटेगा. इस रेसिपी को हमने यूट्यूब चैनल Good Food Kitchen से लिया है. यहां जानते हैं इस बारे में-
वीडियो में देखें परफेक्ट तरीके से गुड़ की खीर बनाने का तरीका...
क्यों फट जाती है गुड़ की खीर?
गुड़ की खीर बनाते समय बहुत ही पेशेंस की जरूरत होती है. अगर आप जल्दबाजी में उबलते हुए दूध में गुड़ डाल देते हैं, तो इससे दूध फट जाता है और खीर का स्वाद बिगड़ सकता है. इसलिए सही समय पर खीर में गुड़ डालना जरूरी होता है. दरअसल, गुड़ में कुछ नैचुरल तत्व मौजूद होते हैं, जो गर्म दूध के संपर्क में आते ही उसे फाड़ सकते हैं. अगर खीर और गुड़ दोनों गर्म हों, तो दूध के फटने की संभावना और बढ़ जाती है. यही वजह है कि कई बार खीर का रंग, स्वाद और बनावट पूरी तरह खराब हो जाती है.
कैसे बनाएं परफेक्ट तरीके से गुड़ की खीर?
गुड़ की खीर बनाने के लिए एक चौथाई कप छोटे दाने वाले चावल, एक लीटर दूध, आधा कप गुड़, एक चौथाई कप पानी, एक छोटा चम्मच घी, कटे हुए बादाम और थोड़ा सा किशमिश लें. चाहें तो अपने पसंद के अन्य ड्राई फ्रूट्स भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
चावलों को दो से तीन बार अच्छी तरह धो लें और कुछ देर के लिए पानी में भिगोकर रखें. खीर बनाते समय चावल को पहले से भिगोने से वह जल्दी पकता है और खीर की बनावट भी बेहतर होती है.
अब एक लीटर दूध को गैस पर गर्म होने के लिए रखें. जब दूध पर हल्की मलाई की परत बनने लगे, तब भीगे हुए चावल उसमें डाल दें. इसके बाद धीमी आंच पर खीर को पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह बर्तन के तले में चिपके नहीं.
खीर में इस तरह से डालें गुड़
यहीं पर खीर की सबसे महत्वपूर्ण ट्रिक छिपी हुई है. एक मोटे तले के पैन में छोटे टुकड़ों में कटा हुआ गुड़ और एक चौथाई कप पानी डालें. धीमी आंच पर सिर्फ इतना पकाएं कि गुड़ पूरी तरह घुल जाए. किसी तरह की चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है. गुड़ घुल जाने के बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को छान लें. इसके बाद इसे पूरी तरह ठंडा होने के लिए रख दें. जब खीर अच्छी तरह गाढ़ी हो जाए तो गैस बंद कर दें और उसे भी कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि खीर और गुड़ का सिरप, दोनों पूरी तरह ठंडे होने चाहिए.
यही वह गलती है जो ज्यादातर लोग करते हैं. गर्म खीर में गुड़ मिलाने से दूध फट सकता है. इसलिए हमेशा ठंडी खीर में ही ठंडा गुड़ का सिरप मिलाएं. इससे खीर का स्वाद भी बढ़ता है और उसकी मलाईदार बनावट भी बनी रहती है.
ये भी पढ़ें - गुड़ का हलवा कैसे बनाएं? अमृतसर का मशहूर गुड़ का हलवा बनाने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं