हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र माना जाता है. कई घरों में इसकी रोज पूजा की जाती है, जल चढ़ाया जाता है और शाम के समय इसके पास दीपक भी जलाया जाता है. तुलसी की पूजा से जुड़े कुछ नियम भी पीढ़ियों से माने जाते रहे हैं. इनमें से एक प्रमुख नियम ये है कि सूर्यास्त के बाद तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए. आप अपने बड़े-बुजुर्गों से भी ये नियम जरूर सुना होगा. लेकिन क्या आप जानते हैं इसके पीछे धार्मिक मान्यता क्या है. आज हम आपको इसी के बारे में बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...
मां लक्ष्मी का स्वरूप होता है तुलसी का पौधा
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, तुलसी का पौधा केवल एक पौधा नहीं, बल्कि माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. साथ ही तुलसी को वृंदा के नाम से भी जाना जाता है, जिन्हें भगवान विष्णु की परम भक्त माना गया है. यही कारण है कि भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा में तुलसी के पत्तों का खास महत्व होता है. मान्यता है कि तुलसी दल के बिना भगवान विष्णु को अर्पित किया गया भोग और पूजा अधूरी मानी जाती है. चूंकि तुलसी को देवी का स्वरूप माना जाता है, इसलिए उसे छूने और उसके पत्ते तोड़ने केे लिए भी कुछ खास नियम बताए गए हैं, जिनका पालन करना शुभ माना जाता है.
यह भी पढ़ें: इन 4 तारीख में जन्म लेने वालों की जिंदगी में बना रहता है संघर्ष, न्यूमरोलॉजिस्ट नवनीत मंधानी से जानिए
सूर्यास्त के बाद क्यों नहीं तोड़ने चाहिए तुलसी की पत्तियां?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यास्त के बाद तुलसी माता विश्राम करती हैं. इसलिए इस समय तुलसी के तोड़ना सही नहीं माना जाता. ऐसी मान्यता है कि रात में तुलसी के पत्ते तोड़ना उसी तरह है जैसे किसी सोए हुए व्यक्ति को जगाना. शाम के समय तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाया जाता है और घर की सुख-समृद्धि के लिए पूजा की जाती है. ऐसे में उसी समय तुलसी के पत्ते तोड़ना अनादर माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शाम में तुलसी के पत्ते तोड़ने से माता लक्ष्मी नाराज हो सकती हैं और घर में आर्थिक परेशानियां या अशांति छा सकती है.
कब-कब नहीं तोड़ने चाहिए तुलसी के पत्ते?
मान्यता है कि रविवार, एकादशी और सूर्य या चंद्र ग्रहण के दौरान भी तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए. दरअसल, एकादशी के दिन तुलसी माता भगवान विष्णु के लिए व्रत रखती हैं, इसलिए उस दिन पत्ते तोड़ना शुभ नहीं माना जाता. इसके अलाावा तुलसी के पत्ते तोड़ने से पहले स्नान करना चाहिए और कभी भी नाखूनों से पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए.
अगर शाम की पूजा या भोग के लिए तुलसी के पत्तों की जरूरत हो, तो उन्हें सुबह ही तोड़कर अलग रख लेेना चाहिए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी के पत्ते एक दिन पुराने होने पर भी पवित्र माने जाते हैं और उन्हें पूजा में इस्तेमाल किया जा सकता है. आप चाहें तो पौधे से अपने आप गिरे हुए पत्तों का भी उपयोग कर सकते हैं.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: रामा तुलसी या श्यामा तुलसी, घर में कौन-सा पौधा लगाना अच्छा होता है?
यह भी पढ़ें: कार्तिक पूर्णिमा पर इन 5 चीजों का करें दान, भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं