हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी में माता लक्ष्मी का वास होता है. ऐसे में तुलसी का पौधा रखने और रोजाना तुलसी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है. वहीं, हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है. इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ कराया जाता है. मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-शांति आती है और भक्तों को कन्यादान के बराबर पुण्य मिलता है. इस साल आज यानी 21 नवंबर, शनिवार को तुलसी विवाह कराया जाएगा. हिंदू धर्म में किसी भी कार्य के लिए या पूजा-पाठ के लिए शुभ मुहूर्त जरूर देखा जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं आज तुलसी विवाह के लिए शुभ मुहूर्त क्या रहेगा, साथ ही जानेंगे घर पर कैसे कराएं तुलसी विवाह-
तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त
तुलसी विवाह के लिए गोधूलि बेला को सबसे शुभ समय माना जाता है. ये शाम का वो समय होता है, जब सूर्य अस्त होने लगता है. पंचांग के अनुसार, 21 नवंबर को तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा. यानी पूजा और विवाह की रस्में पूरी करने के लिए कुल 27 मिनट का समय मिलेगा. ऐसे में अगर आप भी आज तुलसी विवाह कराने वाले हैं, तो पूजा की तैयारी पहले से करके रखें, ताकि शुभ मुहूर्त में विवाह की रस्में पूरी कर सकें.
घर पर कैसे कराएं तुलसी विवाह?- सबसे पहले घर के आंगन या पूजा वाली जगह को अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद गंगाजल छिड़ककर स्थान को पवित्र करें.
- तुलसी के पौधे के पास एक साफ चौकी रखें और उस पर भगवान शालिग्राम को विराजमान करें. अगर शालिग्राम उपलब्ध नहीं हैं, तो भगवान विष्णु की मूर्ति भी रख सकते हैं.
- सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करें और तुलसी विवाह का संकल्प लें. इसके बाद माता तुलसी को हल्दी लगाएं, लाल चुनरी ओढ़ाएं और सुहाग की चीजें अर्पित करें.
- भगवान शालिग्राम को भी तिलक लगाकर फूल और भोग चढ़ाएं.
- शुभ मुहूर्त में माता तुलसी को अपनी बेटी मानकर कन्यादान की रस्म करें.
- इसके बाद भगवान शालिग्राम को तुलसी के पौधे के चारों ओर घुमाकर फेरे लगवाएं.
- अंत में दोनों की आरती करें और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए पूजा संपन्न करें.
धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धा और भक्ति के साथ तुलसी विवाह कराने से भक्तों पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है और घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- तुलसी माता की आरती | Tulsi Mata Ki Aarti
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं