सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे शुभ और पवित्र माना जाता है. इस पूरे महीने में आने वाले सोमवार का विशेष महत्व होता है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दिन व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की पूजा करते हैं और सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं. इस साल सावन की शुरुआत कल यानी 30 जुलाई से हो रही है. ऐसे में अगर आप पहली बार सावन सोमवार का व्रत रखने वाले हैं, तो आइए ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय से जानते हैं व्रत के नियम-
ऐसे करें सावन सोमवार व्रत की शुरुआत
- ज्योतिषाचार्य कहते हैं, सोमवार की सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र पहनें.
- इसके बाद भगवान शिव का ध्यान करें.
- शिवलिंग पर जल, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, सफेद फूल और अन्य पूजा सामग्री अर्पित करें.
- पूजा के दौरान श्रद्धा के साथ 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करें. माना जाता है कि इस मंत्र का जाप करने से मन को शांति मिलती है और भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है.
- पूजा के समय शिव चालीसा या रुद्राष्टक का पाठ करना भी शुभ माना जाता है.
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, भक्त व्रत के दौरान अपनी क्षमता के अनुसार फलाहार या सात्विक भोजन कर सकते हैं. अगर स्वास्थ्य ठीक नहीं है या निर्जला व्रत रखना संभव नहीं है, तो हल्का सात्विक भोजन करना भी उचित माना गया है. भगवान शिव के लिए सबसे जरूरी आपकी सच्ची श्रद्धा और भक्ति है. इसलिए अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए ही व्रत करें.
इन बातों का रखें विशेष ध्यानधार्मिक मान्यता के अनुसार, व्रत के दौरान तामसिक भोजन, मांसाहार, शराब और अन्य नशे से दूर रहना चाहिए. साथ ही क्रोध करने, झूठ बोलने और किसी का अपमान करने से भी बचना चाहिए. व्रत का सबसे बड़ा नियम शुद्ध आचरण और अच्छे विचार माने गए हैं. इस दिन जरूरतमंद लोगों की मदद करना और दान-पुण्य करना भी बहुत शुभ माना जाता है.
ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, सावन सोमवार का व्रत भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और समर्पण का पर्व है. मान्यता है कि जब कोई व्यक्ति पूरी निष्ठा और सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करता है और अपनी क्षमता के अनुसार व्रत के नियमों का पालन करता है, तो भोलेनाथ उस पर अपनी कृपा जरूर बरसाते हैं.
यह भी पढ़ें- 30 या 31 जुलाई, सावन 2026 की शुरूआत कब से हो रही है? जानें सही तिथि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं