विज्ञापन

बिना पंडित के घर पर तुलसी विवाह कैसे करें? ज्योतिषाचार्य सुरेंद्र कांबले ने बताई तुलसी विवाह की सारी विधि

अगर किसी कारणवश पंडित नहीं आ पाते हैं, तो आप खुद भी घर पर पूरे विधि-विधान से तुलसी विवाह कर सकते हैं. आइए जानते हैं तुलसी विवाह की विधि-

बिना पंडित के घर पर तुलसी विवाह कैसे करें? ज्योतिषाचार्य सुरेंद्र कांबले ने बताई तुलसी विवाह की सारी विधि
तुलसी विवाह कैसे कराएं?
(Photo Credit: NDTV)

हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष महत्व माना जाता है. हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से तुलसी विवाह कराया जाता है. कुछ लोग देवउठनी एकादशी के दिन भी तुलसी विवाह कराते हैं. धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है, कन्यादान के बराबर शुभ फल मिलता है, साथ ही भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है. अब, ज्यादातर लोग इस पूजा को पंडित की मदद से कराते हैं, लेकिन अगर किसी कारणवश पंडित नहीं आ पाते हैं, तो आप खुद भी घर पर पूरे विधि-विधान से तुलसी विवाह कर सकते हैं. ज्योतिषाचार्य सुरेंद्र कांबले ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बिना पंडित के घर पर तुलसी विवाह कराने की आसान विधि बताई है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

घर पर तुलसी विवाह कैसे कराएं?

सबसे पहले अपने घर के आंगन या पूजा स्थल को अच्छी तरह साफ कर गंगाजल से शुद्ध कर लें. इसके बाद तुलसी के पौधे के सामने एक चौकी रखें, इसपर भगवान शालिग्राम को स्थापित करें. अगर आपके पास शालिग्राम नहीं हैं, तो आप भगवान विष्णु की मूर्ति भी रख सकते हैं. अब, सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करें. इसके बाद मन में तुलसी विवाह कराने का संकल्प लें. फिर भगवान को पूजा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करें.

इस मंत्र से भगवान को दें निमंत्रण

'आगच्छ भगवन् देव अर्चयिष्यामि केशव।
तुभ्यं दास्यामि तुलसीं सर्वकामप्रदो भव॥'

अगर आपको यह मंत्र बोलने में परेशानी हो, तो हाथ जोड़कर सच्चे मन से भगवान को पूजा में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं.

अब, माता तुलसी को हल्दी लगाएं. उन्हें लाल चुनरी ओढ़ाएं और सुहाग का सामान अर्पित करें. इसके बाद तुलसी के पास दीपक जलाएं और भगवान को भोग लगाएं. आप अपनी श्रद्धा के अनुसार फल और मिठाई का भोग भी चढ़ा सकते हैं.

ऐसे करें तुलसी माता का कन्यादान

ज्योतिषाचार्य सुरेंद्र कांबले आगे बताते हैं, गोधूलि बेला यानी शाम के समय करीब 5:30 बजे के आसपास हाथ में जल और फूल लें. माता तुलसी को अपनी बेटी मानकर उनका कन्यादान करें और हाथ में लिया हुआ जल भगवान के चरणों में छोड़ दें. धार्मिक मान्यता के अनुसार, ऐसा करने से कन्यादान का पुण्य मिलता है.

शालिग्राम जी के साथ कराएं सात फेरे

कन्यादान के बाद भगवान शालिग्राम जी को हाथ में लेकर तुलसी माता के चारों ओर फेरे लगाएं. इसके बाद भगवान और माता तुलसी की आरती करें. अंत में हाथ जोड़कर प्रार्थना करें कि पूजा में जाने-अनजाने में अगर कोई कमी रह गई हो, तो उसे भगवान माफ करें और अपनी कृपा से पूरा करें.

इस तरह आप खुद बिना पंडित के तुलसी विवाह करा सकते हैं. इस साल द्वादशी तिथि की शुरुआत 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगी. इसका समापन 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर होगा. ऐसे में तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को किया जाएगा.

यहां देखें वीडियो- 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

यह भी पढ़ें- हनुमान जी को आक का पत्ता चढ़ाने से क्या होता है? एस्ट्रोलॉजर ने बताया बजरंगबली को कैसे चढ़ाएं ये पत्ता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tulsi Vivah, Faith News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com