विज्ञापन

शाम के समय भूलकर भी न खरीदें ये 5 चीजें, वरना घर में बढ़ सकता है कलेश

शाम को खरीदारी करते हैं तो हो जाएं सावधान, इन 5 चीजों को घर लाने से आती है नकारात्मकता, जानें मजबूरी में क्या करें.

शाम के समय भूलकर भी न खरीदें ये 5 चीजें, वरना घर में बढ़ सकता है कलेश
शाम के बाद क्या न खरीदें?
NDTV

ऑफिस से लौटते वक्त या शाम की चाय के बाद बाजार जाकर घर का राशन लाना हमारी रोजमर्रा की आदत बन चुकी है. समय की कमी के चलते ज्यादातर लोग शाम ढलने के बाद ही शॉपिंग के लिए निकलते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे बुजुर्ग और वास्तु शास्त्र सूर्यास्त के बाद कुछ खास चीजों को खरीदने से मना करते हैं? दिन और रात के मिलने का समय बेहद संवेदनशील होता है. यही वह समय है जब घरों में शाम का दीया जलता है और मां लक्ष्मी के आगमन की तैयारी होती है, ऐसे में कुछ खास सामान खरीदकर घर लाना परिवार की सुख शांति और पैसों की बचत पर भारी पड़ सकता है.

चलिए जानते हैं कि शाम ढलने के बाद किन चीजों की खरीदारी टालनी चाहिए और इसके पीछे क्या वजह मानी जाती है.

नई झाड़ू खरीदने से बचें:

हमारे घरों में झाड़ू को सिर्फ सफाई का जरिया नहीं, बल्कि लक्ष्मी का रूप माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि सूरज डूबने के बाद नई झाड़ू घर लाने से घर की बरकत रुक सकती है, इतना ही नहीं, शाम के समय पुरानी झाड़ू को घर से बाहर फेंकना भी ठीक नहीं समझा जाता. अगर आपको झाड़ू बदलनी है, तो दिन के उजाले में ही इसे खरीदकर लाएं.

सफेद चीजों की खरीदारी टालें:

दूध, दही और नमक जैसी सफेद चीजों का सीधा संबंध चंद्रमा और शुक्र ग्रह से जोड़ा जाता है. शुक्र ग्रह को सुख सुविधा और धन का कारक माना गया है. ऐसा कहा जाता है कि शाम के समय इन चीजों को खरीदने से घर में फिजूलखर्ची बढ़ने लगती है. कोशिश करें कि किचन का यह जरूरी सामान दिन में ही आ जाए.

नुकीली और लोहे की चीजें:

कैंची, चाकू, सुई या लोहे का कोई भी धारदार औजार शाम के समय खरीदना वास्तु के हिसाब से सही नहीं है. ज्योतिष में इनका संबंध मंगल और शनि जैसे उग्र ग्रहों से होता है, माना जाता है कि सूरज ढलने के बाद इन्हें घर लाने से परिवार के सदस्यों के बीच बिना बात के बहस और तनाव बढ़ सकता है.

सरसों का तेल न लाएं:

शनि देव को सरसों का तेल बेहद प्रिय है, इसलिए शनिवार को इसका दान किया जाता है, लेकिन शाम ढलने के बाद इसे बाजार से खरीदकर घर लाना आर्थिक तंगी को न्योता देने जैसा माना गया है. तेल खरीदना हो तो दोपहर का वक्त चुनें, हां शाम को शनि देव के नाम का दीया जलाना बहुत शुभ होता है.

काले कपड़े और चमड़े के जूते:

काले रंग और चमड़े पर भी शनि का प्रभाव माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि रात के अंधेरे में काले रंग के कपड़े या जूते या चप्पल खरीदकर लाने से घर में भारीपन और नकारात्मक ऊर्जा महसूस हो सकती है.

अगर शाम को सामान लाना मजबूरी हो तो क्या करें?

भागदौड़ भरी जिंदगी में कई बार दूध या नमक जैसी चीजें शाम को लानी ही पड़ती हैं. ऐसे में घबराने या वहम पालने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. बड़े-बुजुर्गों का एक छोटा सा नुस्खा है कि शाम को खरीदा गया सामान सीधा रसोई में ले जाने के बजाय कुछ मिनट के लिए मेन गेट के पास रख दें.  मन ही मन मां लक्ष्मी को प्रणाम करें और फिर सामान अंदर ले जाएं.

इसे भी पढ़ें: देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह की पूजा में कौन-कौन सी चीजें हैं जरूरी? देखें पूरी लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vastu Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com