विज्ञापन

तुलसी विवाह व्रत कथा

तुलसी विवाह की कथा, क्यों भगवान विष्णु को मिला शालिग्राम बनने का श्राप और कैसे वृंदा बनीं तुलसी, यहां पढ़ें पूरी कथा.

तुलसी विवाह व्रत कथा
तुलसी विवाह की कथा
NDTV

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है. इस वर्ष यह पावन दिन 21 नवंबर 2026, यानि आज के दिन है. देवउठनी एकादशी के बाद भगवान विष्णु के शालिग्राम रूप और माता तुलसी का विवाह घर आंगन में बड़ी श्रद्धा से होता है. कई घरों में शाम की पूजा के बाद यह कथा साथ बैठकर पढ़ी या सुनी जाती है. यह कहानी सिर्फ पौराणिक घटना नहीं है, बल्कि भक्ति, वचन और त्याग की भावना को भी दिखाती है.

यहां पढ़ें तुलसी विवाह की कथा

पुरानी कथाओं के अनुसार, भगवान शिव के तेज से समुद्र में एक बालक उत्पन्न हुआ, जिसका नाम आगे चलकर जालंधर पड़ा. जालंधर  एक शक्तिशाली दैत्य राजा बना और उसने जालंधर नगरी बसाई. उसका विवाह दैत्यराज कालनेमी की बेटी वृंदा से हुआ. वृंदा बेहद निष्ठावान और पतिव्रता स्त्री थीं, जिनके तप और सतीत्व ने जालंधर को अजेय बना रखा था, लेकिन अपनी ताकत के घमंड में जालंधर ने सीमाएं लांघीं. पहले वह माता लक्ष्मी के पास गया, लेकिन समुद्र से जन्म होने के नाते लक्ष्मी जी ने उसे भाई मान लिया. इसके बाद वह देवी पार्वती को पाने की इच्छा से कैलाश पहुंच गया. शिव का रूप लेकर उसने छल करना चाहा, मगर पार्वती जी ने अपने योगबल से सच्चाई पहचान ली और अंतर्ध्यान हो गईं. देवी पार्वती ने सारा वृतांत भगवान विष्णु को बताया. सब जानते थे कि जब तक वृंदा का पतिव्रत धर्म अडिग है, जालंधर को हराना असंभव है. इसी वजह से भगवान विष्णु ऋषि का रूप धरकर उस जंगल में पहुंचे, जहां वृंदा अकेली घूम रही थीं. वहां दो मायावी राक्षस आए तो ऋषि ने पलभर में उन्हें राख कर दिया. यह देख वृंदा ने अपने पति जालंधर के बारे में पूछा, जो कैलाश पर युद्ध लड़ रहा था. ऋषि ने माया से दो वानर दिखाए, जिनमें एक के हाथ में सिर और दूसरे के हाथ में धड़ था. अपने पति की ऐसी दशा देखकर वृंदा बेहोश हो गईं. होश आने पर उन्होंने ऋषि से जालंधर को जीवित करने की विनती की. विष्णु जी ने सिर और धड़ जोड़ दिया पर उसी शरीर में स्वयं भी समा गए. वृंदा को इस छल का तनिक भी आभास न हुआ, अनजाने में वृंदा ने जालंधर बने भगवान के साथ पतिव्रता भाव से व्यवहार किया, जिससे उनका सतीत्व भंग हो गया और युद्ध में जालंधर हार गया. जब इसके बारे में वृंदा को पता चला, तो उनका मन क्रोध और पीड़ा से भर उठा. उन्होंने भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दे दिया. भक्त के वचन का मान रखते हुए विष्णु जी शालिग्राम शिला के रूप में आ गए. सृष्टि के संचालक के पत्थर बन जाने से ब्रह्मांड में हलचल मच गई. देवताओं के अनुरोध पर वृंदा ने विष्णु जी को श्राप से मुक्त किया और स्वयं अग्नि में समा गईं, जिस स्थान पर वृंदा भस्म हुईं, वहीं से तुलसी का पौधा जन्मा. भगवान विष्णु ने वृंदा को वरदान दिया कि उनके सतीत्व और त्याग के कारण तुलसी उन्हें लक्ष्मी जी से भी अधिक प्रिय रहेंगी और हर पूजा में शालिग्राम के साथ तुलसी का वास रहेगा. माना जाता है कि जो भी श्रद्धा से तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराता है, उसके घर में सुख-शांति और बरकत बनी रहती है.

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

इसे भी पढ़ें: आज से शुरू हुआ शादियों का मुहूर्त, नवंबर-दिसंबर में 11 दिन बजेंगी शहनाइयां, यहां देखें इस साल शादियों की तारीखें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vrat Tyohar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com