Tulsi Puja Rules: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बहुत पवित्र माना जाता है. लगभग हर हिंदू घर में तुलसी का पौधा होता है और इसकी पूजा की जाती है. कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह मनाया जाता है. इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है. पौराणिक मान्यता के अनुसार, रोज सुबह स्नान कर तुलसी के पौधे में जल चढ़ाना और पूजा करने से घर में सकारात्मकता और सुख-शांति आती है. लेकिन क्या आप जानते हैं तुलसी में जल चढ़ाने का नियम क्या है और तुलसी पर जल चढ़ाने की परंपरा कैसे शुरू हुई?
तुलसी में जल चढ़ाने का क्या है नियम?
तुलसी में जल चढ़ाने के कुछ नियम होते हैं. तुलसी में जल चढ़ाने से पहले स्नान करना चाहिए. जल अर्पित करते समय मन में भगवान विष्णु और माता तुलसी का मंत्र जपना चाहिए. तुलसी के पौधे के पास साफ-सफाई रखनी चाहिए. शाम के समय तुलसी के पास दीपक जालना चाहिए.
तुलसी पर जल चढ़ाने की परंपरा कैसे शुरू हुई?
पौराणिक मान्यता के अनुसार, सती वृंदा के वरदान और आशीर्वाद से वे तुलसी के पौधे के रूप में प्रकट हुईं. भगवान विष्णु ने उन्हें यह वरदान दिया कि उनके बिना कोई भी पूजा पूर्ण नहीं मानी जाएगी. पद्म पुराण, स्कंद पुराण और देवी भागवत जैसे ग्रंथों में तुलसी की पवित्रता और रोज सेवा का महत्व बताया गया है. स्कंद पुराण के नागर खंड, अध्याय 249, श्लोक 11-17 में तुलसी को जल देने और उसकी सेवा का महत्व बताया गया है. तुलसी के पौधे में रोज जल चढ़ाने से लोगों को धार्मिक पुण्य मिलता है.

Tulsi Puja Rules
“तुलसीं सर्वकामार्थसाधिनीं दुष्टवारिणीम्.
यो नरः प्रत्यहं सिञ्चेन्न स याति यमालयम्”
इस श्लोक का अर्थ है कि तुलसी का रोज नियम से पूजा और जल चढ़ाने वाले लोगों को पुण्य मिलता है और उनके जीवन मे सुख-शांति और सकारात्मकता आती है और भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं.
तुलसी विवाह क्यों किया जाता है?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, माता तुलसी का पूर्व जन्म वृंदा के रूप में हुआ था. वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त थीं और उनका विवाह राक्षस राजा जलंधर से हुआ था. वृंदा के पतिव्रता धर्म के प्रभाव से जलंधर को हराना मुश्किल हो गया था. कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने जलंधर का वध कराने के लिए वृंदा की भक्ति की परीक्षा ली. जब वृंदा को इस बात का पता चला तो उन्होंने भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दे दिया. बाद में देवताओं के अनुरोध पर उन्होंने अपना श्राप वापस लिया. भगवान विष्णु ने वृंदा को तुलसी के पौधे के रूप में प्रतिष्ठित होने का वरदान दिया. तभी से तुलसी का विवाह शालिग्राम से कराने की परंपरा शुरू हुई.
यह भी पढ़ें:- तुलसी का विवाह क्यों किया जाता है? जानिए इस दिन कौन-से काम नहीं करने चाहिए
यह भी पढ़ें: Vastu Tips: तुलसी को किस दिशा में रखना चाहिए? जानिए घर में तुलसी रखने का सही तरीका
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं