विज्ञापन
This Article is From May 20, 2014

नरेंद्र मोदी ने विभिन्न देशों के नेताओं का शुक्रिया अदा किया

नरेंद्र मोदी ने विभिन्न देशों के नेताओं का शुक्रिया अदा किया
फाइल फोटो
नई दिल्ली:

नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिये लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी को मिली जीत पर बधाई देने वाले विभिन्न देशों के नेताओं का शुक्रिया अदा किया है और अमेरिका, जापान, रूस और नेपाल जैसे देशों के साथ भारत के मजबूत संबंधों का विस्तृत उल्लेख किया है।

भावी प्रधानमंत्री ने सोमवार से ट्वीट करके विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों और अन्य गणमान्य लोगों का आभार प्रकट किया है।

मोदी ने ट्वीट किया है, 'हमारी बातचीत में, बराक ओबामा और मैंने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की बात की, जो दोनों देशों की मदद करेगा।' ओबामा ने मोदी की जीत पर उन्हें फोन करके बधाई दी थी।

मोदी के संबंध अमेरिका के साथ कुछ तनावपूर्ण रहे हैं। अमेरिका ने 200 के गुजरात दंगों को लेकर 2005 में उन्हें वीजा देने से इनकार कर दिया था। हालांकि उन्होंने बाद में सार्वजनिक तौर पर कहा था कि एक व्यक्ति से जुड़े मामले से विदेश नीतियां 'प्रभावित' नहीं हुआ करती हैं।

सभी के साथ-साथ मोदी ने जापान, रूस, स्पेन, नेपाल, कनाडा, जर्मनी और दक्षिण अफ्रीका के अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र महासचिव और दलाई लामा का शुक्रिया अदा किया।

अपने दो ट्वीट में मोदी ने लिखा है, 'मैं राष्ट्रपति पुतिन का उनकी शुभकामना के लिए शुक्रिया अदा करता हूं। आने वाले वर्षों में रूस के साथ हमारे संबंधों को आगे बढ़ाने को उत्सुक हूं।'

उन्होंने ट्वीट किया है, 'भारत और रूस की मैत्री लंबे समय से काफी अच्छी रही है। हम व्यापक क्षेत्रों में अपने संबंधों को और प्रगाढ़ बनाएंगे।'

गुजरात के मुख्यमंत्री ने अपने दो ट्वीट में जापान का भी उल्लेख किया। उनमें से एक में उन्होंने पूर्वी एशियाई पावरहाउस के साथ काम करने के अपने अनुभव को बयां किया है।

उन्होंने ट्वीट किया, 'व्यक्तिगत रूप से, मेरा मुख्यमंत्री के तौर पर जापान के साथ काम करने का शानदार अनुभव है। मैं आश्वस्त हूं कि हम भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।'

नेपाल के राष्ट्रपति रामबरन यादव और प्रधानमंत्री सुशील कोइराला का शुभकामना देने के लिए शुक्रिया अदा करते हुए मोदी ने पड़ोसी देश का उल्लेख 'पुराने और काफी मूल्यवान मित्र' के तौर पर किया।

मोदी का अमेरिका के साथ असहज संबंध रहा है। अमेरिका ने साल 2002 में मोदी के मुख्यमंत्री रहते गुजरात में हुए दंगों के लिए उन्हें वीजा देने से मना कर दिया था। हालांकि, उन्होंने अपने भाषणों में जोर दिया है कि विदेश संबंध व्यक्ति विशेष से संबंधित घटनाओं से प्रभावित नहीं हो सकते।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नरेंद्र मोदी, सोशल मीडिया, बधाई संदेश, लोकसभा चुनाव 2014, आम चुनाव 2014, Narendra Modi, Social Media, Lok Sabha Polls 2014, General Elections 2014
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com