विज्ञापन
This Article is From May 17, 2014

नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में रोड शो के बाद कहा, जीत के श्रेय की सबसे पहली हकदार देश की जनता

नई दिल्ली:

अपने नेतृत्व में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के बाद पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस शानदार जीत के श्रेय की सबसे पहली हकदार देश की सवा करोड़ जनता है और दूसरे 1952 से विकास के मुद्दे पर अपने आपको खपाने वाले भाजपा कार्यकर्ता हैं। मोदी ने कहा, इस विजय को मोदी की बजाय भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं के खाते में डाला जाए।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अशोक रोड स्थित भाजपा मुख्यालय तक रोड शो करते आए मोदी का पार्टी कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा, मोदी एक व्यक्ति के रूप में सबसे आग्रह करता है कि इस विजय के जश्न को मोदी के खाते में नहीं डाला जाए, बल्कि इसे भाजपा के उन लाखों कार्यकर्ताओं के खाते में डाला जाए, जो 1952 से ही भाजपा को इस मुकाम पर पहुंचाने के लिए कठिन परिश्रम में लगे हुए थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा को आज जो ऐतिहासिक जीत मिली है, वह पार्टी के इन्हीं कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। मोदी ने कहा कि 1952 से अब तक पार्टी के बहुत सारे कार्यकर्ताओं ने भाजपा को इस स्थिति में लाने के लिए अपनी जान न्योछावर की और शहादत दी।

मोदी ने दिल्ली में सभी सातों सीटों पर भाजपा को विजय दिलाने के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए कहा कि लोग मानने लगे थे कि राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा को अब खड़ा नहीं किया जा सकता, लेकिन इन कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत से एक बार फिर यहां कमल को खिला दिया है। ऐसा करके कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी के लोगों में भाजपा के प्रति फिर से विश्वास पैदा किया है।

उन्होंने दिल्ली हवाई अड्डे से भाजपा मुख्यालय तक दिल्लीवासियों द्वारा उनका शानदार स्वागत किए जाने के लिए धन्यवाद किया। भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी और विजय गोयल भी उनकी अगवानी करने वालों में शामिल थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नरेंद्र मोदी, एनडीए, भाजपा, लोकसभा चुनाव परिणाम 2014, चुनाव परिणाम 2014, नरेंद्र मोदी दिल्ली में, लोकसभा चुनाव 2014, आम चुनाव 2014, Narendra Modi, NDA, BJP, Narendra Modi In Delhi, Lok Sabha Poll Results 2014, Election Results 2014, Lok Sabha Polls 2014, General Elections 2014