
दिल्ली विधानसभा चुनावों में अरविंद केजरीवाल की शानदार जीत पर अन्ना हजारे ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने इतनी बड़ी- बड़ी जनसभाएं कीं, इसके बावजूद अरविंद चुनकर आया, यह मोदी की हार है... अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं इसके लिए मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।
अन्ना ने अपने पैतृक गांव महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि में कहा, ये चुनाव परिणाम इसलिए आए हैं, क्योंकि आठ महीने पहले केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद अच्छे दिन केवल उद्योपतियों के लिए आए हैं। जनता ने पहले सोचा था कि अच्छे दिन आने वाले हैं, लेकिन अच्छे दिन केवल उद्योगपतियों के लिए आए हैं और इसीलिए 'आप' की स्वीकार्यता जनता के बीच बढ़ती गई।
अन्ना ने कहा कि बीजेपी को इतना अपयश क्यों मिला, यह सोचने वाली बात है। जो आश्वासन बीजेपी ने दिए उनका पालन नहीं किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई के दावे झूठे निकले। लोकपाल कानून का पालन नहीं हो रहा।
अन्ना ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हमारे आंदोलन से ही लोगों का विश्वास जीतना शुरू किया था। मेरी अरविंद से अपेक्षा है कि वह अपनी गलतियां नहीं दोहराएंगे। आंदोलन को भूलना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह बात अरविंद जानते हैं कि आंदोलन ही इस समाज को बदल सकता है। अरविंद के शपथ ग्रहण समारोह में जाने के सवाल पर अन्ना ने कहा कि मैं शपथ समारोह में दिल्ली जाकर क्या करूंगा। मैं राजनीति से दूर रहना चाहता हूं।
टीम अन्ना की अन्य सदस्य रहीं और बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी के बारे में उन्होंने कहा, मैं बेदी से भी कहना चाहूंगा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। देश और समाज के लिए वह जो भी अच्छे काम कर रही हैं, उन्हें जारी रखना चाहिए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं