उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित कुल 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए प्रदेश में 2017 के बाद उभरी सकारात्मक खेल संस्कृति की सराहना की. इसके साथ ही उन्होंने पिछली व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पहले भर्तियों में प्रतिभा के बजाय पैरवी और प्रभाव का बोलबाला रहता था.
'नए उत्तर प्रदेश' की नई खेल संस्कृति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि मैदान पर योग्यता, खेल उपलब्धियों को सम्मान और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देश सेवा का अवसर मिलना ही 'नए उत्तर प्रदेश' की पहचान बन चुका है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने नई खेल नीति लागू कर खिलाड़ियों के सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित करने का काम किया है. इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर, नागरिक पुलिस आरक्षी और पीएसी आरक्षी के पदों पर खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दी गई है.
दारोगा और सिपाही पदों पर चयनित हुए 470 खिलाड़ी
मुख्यमंत्री द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग में शामिल किए गए 470 खिलाड़ियों में 43 उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस, 295 आरक्षी नागरिक पुलिस और 132 पीएसी आरक्षी शामिल हैं. इन सभी खिलाड़ियों का चयन उनकी खेल उपलब्धियों और पारदर्शी मूल्यांकन के आधार पर किया गया है। मुख्यमंत्री ने चयनित सभी खेल प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की है.
अब तक 534 को सीधी भर्ती, 866 अन्य पदों पर प्रक्रिया जारी
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले राज्य में खेल कोटे की पूरी तरह अनदेखी की जाती थी. उस दौर में भर्तियों की चर्चा युवाओं की मेहनत या योग्यता के बजाय सिफारिशों और राजनीतिक रसूख पर टिकी रहती थी. उन्होंने कहा कि पहले के माहौल में योग्य खिलाड़ी उपेक्षित महसूस करते थे, लेकिन अब सरकारी नौकरियों के दरवाजे केवल और केवल योग्यता के आधार पर हर प्रतिभावान खिलाड़ी के लिए खोल दिए गए हैं. डबल इंजन सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने खेल प्रतिभा को सीधे सम्मानजनक रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ दिया है. इसके परिणामस्वरूप विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवा में नियुक्त किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश पुलिस में ही 866 और कुशल खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: स्टेज पर अटक गई गोरखपुर की युवती, योगी आदित्यनाथ के प्रोत्साहन ने लौटा दिया आत्मविश्वास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं