विज्ञापन

UGC NET उम्मीदवारों को क्या दोबारा फॉर्म भरना होगा, नया एडमिट कार्ड कब आएगा? तमाम सवालों के जवाब

UGC NET Re Exam : UGC NET जून 2026 में इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा दोबारा होगी. प्रभावित उम्मीदवारों को नया फॉर्म या फीस नहीं देनी होगी. इस बीच नया एडमिट कार्ड जल्द जारी होने की उम्मीद है.

UGC NET उम्मीदवारों को क्या दोबारा फॉर्म भरना होगा, नया एडमिट कार्ड कब आएगा? तमाम सवालों के जवाब
NTA के मुताबिक, दूसरे 84 विषयों की परीक्षा और रिजल्ट प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी.

UGC NET Re Exam : UGC NET जून 2026 को लेकर अहम अपडेट सामने आया है. आंसर की जारी होने के बाद इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गलतियां मिलने पर NTA ने इन तीनों सब्जेक्ट्स की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है. री-एग्जाम सितंबर में कराया जाएगा. इस दौरान उम्मीदवारों से कोई एक्स्ट्रा फीस नहीं ली जाएगी. ऐसे में उम्मीदवारों के मन में नए आवेदन, एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र, परीक्षा की शिफ्ट और रिजल्ट को लेकर कई सवाल हैं. NTA ने कुछ बिंदुओं पर स्थिति साफ कर दी है, जबकि एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से जुड़ी कुछ जानकारी अभी जारी होना बाकी है. आइए जानते हैं सभी जरूरी सवालों के जवाब...

कब होगा UGC NET री-एग्जाम 

NTA के अनुसार, इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा दोबारा 9 और 10 सितंबर 2026 को होगी. इंग्लिश और कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर को, जबकि सोशियोलॉजी की परीक्षा 10 सितंबर को कराई जाएगी. परीक्षा का शेड्यूल इस प्रकार है - 

  • इंग्लिश: 9 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
  • कॉमर्स: 9 सितंबर, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
  • सोशियोलॉजी: 10 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक

किन उम्मीदवारों को देना होगा री-एग्जाम?

री-एग्जाम केवल उन्हीं उम्मीदवारों के लिए है, जिन्होंने इंग्लिश, कॉमर्स या सोशियोलॉजी के लिए जून 2026 UGC NET परीक्षा दी थी. इन सब्जेक्ट्स के प्रश्नपत्रों में सामने आई खामियों के बाद NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है. इस दौरान दूसरे सब्जेक्ट्स के उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी.

प्रश्नपत्रों में मिली थीं कई गड़बड़ियां

UGC NET जून 2026 की आंसर की जारी होने के बाद इन तीनों सब्जेक्ट्स के प्रश्नपत्रों को लेकर उम्मीदवारों ने शिकायतें की थीं. शिकायतों की जांच के लिए NTA ने एक समिति गठित की थी. समिति की जांच में फैक्च्युअल, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी गलतियां सामने आईं. इसके अलावा विद्वानों के नाम की गलत स्पेलिंग, किताबों के अस्पष्ट नाम, भाषा और व्याकरण संबंधी गलतियां, लिंग-वचन और विराम चिह्न की गलतियां भी पाई गईं. कुछ ऐसे सवाल भी सामने आए जो पहले की परीक्षा में पूछे जा चुके थे. समिति ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए इन तीनों सब्जेक्ट्स की परीक्षा दोबारा कराने की सिफारिश की.

क्या दोबारा फॉर्म भरना होगा?

प्रभावित उम्मीदवारों को री-एग्जाम के लिए नया आवेदन फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है. यह परीक्षा उन्हीं उम्मीदवारों के लिए कराई जा रही है, जिन्होंने जून 2026 UGC NET के लिए पहले से आवेदन किया था.

क्या दोबारा परीक्षा के लिए फीस देनी होगी?

NTA ने साफ किया है कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों से कोई एक्स्ट्रा फीस नहीं ली जाएगी. यानी इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रभावित उम्मीदवार बिना किसी एक्स्ट्रा फीस के दोबारा परीक्षा दे सकेंगे.

नया एडमिट कार्ड कब आएगा?

री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख NTA ने अभी घोषित नहीं की है. उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी के लिए ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है. महत्वपूर्ण बात यह है कि पुराना एडमिट कार्ड री-एग्जाम के लिए मान्य नहीं होगा. उम्मीदवारों को नई परीक्षा के लिए नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा.

क्या पुराना परीक्षा केंद्र ही मिलेगा?

री-एग्जाम के लिए पुराना परीक्षा केंद्र मिलेगा या नया, इसकी जानकारी NTA ने अभी साफ नहीं की है. परीक्षा शहर और केंद्र की जानकारी बाद में जारी की जाएगी. आमतौर पर परीक्षा केंद्र का निर्धारण उम्मीदवार की पसंद, उपलब्धता और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जाता है.

क्या बाकी 84 विषयों के रिजल्ट पर पड़ेगा असर?

NTA के मुताबिक, दूसरे 84 विषयों की परीक्षा और रिजल्ट प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी. इन सब्जेक्ट्स का रिजल्ट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी किया जाएगा. इसके अलावा JRF सीटों के अलॉटमेंट तथा असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD के लिए पात्रता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी इन तीन सब्जेक्ट्स के री-एग्जाम के कारण प्रभावित नहीं होगी.

उम्मीदवार क्या करें?

इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रभावित उम्मीदवारों को फिलहाल नया फॉर्म भरने या फीस जमा करने की जरूरत नहीं है. उन्हें NTA की ओर से जारी होने वाले नए एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र संबंधी सूचना का इंतजार करना चाहिए और ऑफिशियल वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहना चाहिए.

यह भी पढ़ें- 'इससे अच्छा सरकार हमें गोली मार दे'... JSSC CGL रद्द होने बोले पास होने वाले अभ्यर्थी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UGC NET 2026, UGC NET Re Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com