विज्ञापन

ट्रैफिक पाबंदियों के बीच UGC NET री-एग्जाम आज, इन पांच बातों का रखें ख्याल

UGC NET Re Exam 2026: यूजीसी नेट के दो विषयों की परीक्षा आज हो रही है, कई तरह की गड़बड़ियों के बाद कुल तीन विषयों की परीक्षा को रद्द किया गया था. इसी बीच दिल्ली के अभ्यर्थियों को कुछ चीजों का ध्यान रखना होगा.

ट्रैफिक पाबंदियों के बीच UGC NET री-एग्जाम आज, इन पांच बातों का रखें ख्याल
UGC NET के दो विषयों की परीक्षा आज

BRICS समिट की तैयारियों के बीच आज दिल्ली में UGC NET का री-एग्जाम हो रहा है. आज यानी 9 सितंबर को इंग्लिश और कॉमर्स दो विषयों की परीक्षा होगी. राजधानी में तमाम ट्रैफिक व्यवस्थाएं पहले से ही चाक चौबंद की जा रही हैं, ऐसे में कुछ सड़कों पर बैरिकेडिंग दिख सकती है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से भी अभ्यर्थियों को इसे लेकर हिदायत दी गई थी. ऐसे में दोनों शिफ्ट में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को घर से जल्दी निकलना होगा और तमाम गाइडलाइन्स का भी पालन करना होगा. आइए जानते हैं कि अभ्यर्थी किन पांच बातों का ध्यान रखें. 

इन पांच बातों का ध्यान जरूरी रखें 

  1. ब्रिक्स समिट को लेकर सिक्योरिटी को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन हो सकता है, ऐसे में घर से दो घंटे पहले ही निकल जाएं. 
  2. घर से निकलने से पहले रूट को अच्छी तरह से देख लें, अगर ट्रैफिक दिख रहा हो तो रूट बदल लें. 
  3. ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदियों को लेकर सटीक जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पेज देखें. 
  4. किसी वजह से अगर वक्त पर नहीं निकल पाए हैं तो एग्जाम सेंटर तक पहुंचने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें. 
  5. इस जल्दबाजी में अपना एडमिट कार्ड साथ रखना ना भूलें, बिना इसके एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं मिलेगी. 

क्यों रद्द हो गया था एग्जाम?

यूजीसी नेट 2026 का रिजल्ट कुछ दिन पहले ही जारी हो चुका है, लेकिन तब सिर्फ 84 विषयों का रिजल्ट आया था, तीन विषयों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया था. अभ्यर्थियों ने तमाम तरह की गड़बड़ियों की शिकायत की थी. इनमें कई सवाल पिछले साल के पेपर से रिपीट थे, वहीं स्पेलिंग मिस्टेक और गलत सवालों की लिस्ट भी लंबी थी. आखिरकार जांच के बाद इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया. जिनके लिए 9 और 10 सितंबर की तारीख बताई गई. 9 सितंबर को इंग्लिश, कॉमर्स का री-एग्जाम और 10 सितंबर को सोशियोलॉजी का एग्जाम होगा. 

जल्द आएगा रिजल्ट 

एनटीए की तरफ से परीक्षा के कुछ ही दिनों बाद रिजल्ट भी जारी किया जा सकता है. क्योंकि री-एग्जाम सिर्फ तीन विषयों का है, ऐसे में माना जा रहा है कि एक हफ्ते के भीतर ही रिजल्ट जारी किया जा सकता है. जरूरी जानकारी के लिए अभ्यर्थी ugcnet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं. 

ये भी पढ़ें - स्कूली बच्चों के लिए खुले IIT मद्रास के दरवाजे, एयरोस्पेस और डेटा साइंस सीखेंगे छात्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ugc Net Re Exam 2026, UGC NET Re Exam, UGC NET Re Examination, Delhi Traffic Advisory
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com