UGC NET दिसंबर परीक्षा के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी होने के बाद अब परीक्षा का शहर बदलने का मौका दिया गया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उन उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शहर बदलने की सुविधा शुरू कर दी है, जिन्हें अपनी चुनी हुई चार पसंदीदा शहरों की लिस्ट से बाहर का शहर मिला है. ऐसे उम्मीदवार अपने पसंद का शहर चुन सकते हैं. इसके लिए 29 नवंबर की रात तक आवेदन किए जा सकते हैं. जिन उम्मीदवारों को काफी दूर का एग्जाम सेंटर मिल गया है, वो आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.
ऐसे बदलें अपना परीक्षा शहर
- सबसे पहले यूजीसी-नेट की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in** पर जाएं.
- अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड या डेट ऑफ बर्थ की मदद से लॉगिन करें.
- यहां आपको शहरों का विकल्प मिलेगा, इनका चयन करें.
- सबमिट करने के बाद आपको एडमिट कार्ड में दूसरा शहर मिल सकता है.
पसंदीदा शहर मिलने की गारंटी नहीं
एनटीए की तरफ से साफ किया है कि नया परीक्षा शहर सीटों की उपलब्धता के आधार पर मिलेगा, और इसका फैसला पहले आओ, पहले पाओ के नियम से होगा. एक बार सबमिट करने के बाद चुनाव फाइनल माना जाएगा और इसमें दोबारा बदलाव नहीं किया जा सकता है. किसी भी तरह की परेशानी होने पर उम्मीदवार एनटीए हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000 या 1800-180-4747 पर कॉल कर सकते हैं.
दिसंबर में कब है परीक्षा?
यूजीसी नेट परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को होगी. ये परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी. सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक परीक्षा होगी. इसके लिए 180 मिनट का वक्त दिया जाएगा, वहीं पेपर 1 और पेपर 2 के बीच कोई ब्रेक नहीं मिलेगा. देशभर के कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD में दाखिले के लिए ये परीक्षा आयोजित हो रही है.
यह भी पढ़ें | यूपी TGT भर्ती में बड़ा बदलाव: 2 साल की डिग्री वालों को भी आवेदन का मौका, कल आखिरी तारीख
यह भी पढ़ें | बिहार सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती के लिए आवेदन फिर से शुरू, BPSC ने बताई तारीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं