विज्ञापन

इन देशों में जाकर मुफ्त पढ़ाई कर सकते हैं विदेशी छात्र, देख लीजिए लिस्ट

Countries Offering Free Education: विदेश में पढ़ने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए कई ऐसे विकल्प भी हैं, जहां मुफ्त या फिर काफी कम फीस के साथ वो अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं.

इन देशों में जाकर मुफ्त पढ़ाई कर सकते हैं विदेशी छात्र, देख लीजिए लिस्ट
दुनिया के इन देशों में मुफ्त पढ़ाई का मौका

विदेश में जाकर पढ़ने का सपना लाखों छात्र देखते हैं, लेकिन वहां की महंगी लाइफस्टाइल से लेकर मोटी फीस उन्हें ऐसा करने से रोक देती है. कई देशों में पढ़ाई का खर्चा लाखों में होता है, जिसे हर कोई अफॉर्ड नहीं कर पाता है. हालांकि कुछ देश ऐसे हैं, जो विदेशी छात्रों को मुफ्त पढ़ाई की सुविधा भी देते हैं. ये सुनने में जरूर अजीब लगता है, लेकिन वाकई दुनिया में ऐसी जगह हैं, जहां छात्र जाकर बिना किसी ट्यूशन फीस से ग्रेजुएट हो सकते हैं. आज हम आपको कुछ ऐसे ही देशों के बारे में बताएंगे, जहां जाकर आप काफी सस्ते में या मुफ्त पढ़ाई कर सकते हैं. 

जर्मनी में मुफ्त पढ़ाई 

QS टॉप यूनिवर्सिटीज के मुताबिक, जर्मनी की ज्यादातर सरकारी यूनिवर्सिटीज में ग्रेजुएशन लेवल पर ट्यूशन फीस नहीं ली जाती है. ये नियम जर्मनी और विदेश से आने वाले छात्रों पर लागू होता है. यही वजह है कि जर्मनी में विदेशी छात्रों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है. हालांकि प्रशासनिक खर्च के तौर पर मामूली 150 से 200 यूरो तक की फीस ली जाती है, जो काफी कम है. पिछले कुछ सालों में दक्षिण-पश्चिम जर्मनी के कुछ हिस्सों ने दूसरे देशों के छात्रों से फीस वसूलनी शुरू कर दी है. जर्मनी की 40 से ज्यादा यूनिवर्सिटीज QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में शामिल हैं.

फ्रांस में भी बहुत कम खर्चे में पढ़ाई 

वर्ल्ड यूनिवर्सिटीज की रैंकिंग देने वाली QS ने जर्मनी के अलावा फ्रांस को भी इस लिस्ट में शामिल किया है. फ्रांस के कई संस्थान भी मुफ्त या फिर काफी कम फीस के साथ विदेशी छात्रों को एडमिशन देते हैं. यहां की सरकारी यूनिवर्सिटीज की फीस काफी कम होती है, बाकी देशों के मुकाबले ये बेहद मामूली है. कुछ देशों के छात्रों के लिए सालाना फीस महज 178 यूरो तक है. 

नॉर्डिक देशों में भी मुफ्त पढ़ाई

उत्तरी यूरोप के देशों को नॉर्डिक देश कहा जाता है. ये बेहतर जीवन स्तर के साथ नेचर की खूबसूरती और हायर एजुकेशन के लिए जाने जाते हैं. इनमें डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड, नॉर्वे और स्वीडन जैसे देश आते हैं. यहां पढ़ाई का खर्च काफी कम है और विदेशी छात्रों के लिए आकर्षक स्कॉलरशिप भी हैं. आइसलैंड की चारों यूनिवर्सिटीज में ट्यूशन फीस नहीं लगती है. यहां सिर्फ एक साल में 600 यूरो की रजिस्ट्रेशन फीस देनी होती है. इसी तरह बाकी देशों में भी ग्रेजुएशन और हायर एजुकेशन के लिए ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने पड़ते हैं. 

ऑस्ट्रिया में इन छात्रों के लिए मुफ्त पढ़ाई

ऑस्ट्रिया भी यूरोप का एक ऐसा देश है, जहां मुफ्त या बेहद कम खर्च में पढ़ाई हो सकती है. EU/EEA के छात्रों को ऑस्ट्रियाई नागरिकों जैसे ही अधिकार मिलते हैं और वे किसी भी स्तर पर मुफ्त पढ़ सकते हैं. तय समय के बाद प्रति सेमेस्टर सिर्फ 363 यूरो फीस लगती है. 

यह भी पढ़ें | दिल्ली पुलिस कांस्टेबल की पहली इन-हैंड सैलरी कितनी होती है? ये मिलते हैं फायदे

यह भी पढ़ें | UPSC की तैयारी कर रहे दिहाड़ी मजदूर के बेटे ने जीते 1 करोड़ रुपये, कौन हैं भूषण ठाकरे?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Countries Offering Free Education, Free Education, Free Education Abroad, Study Abroad For Free
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com