विज्ञापन

देश में पेपर लीक का संकट: NEET UG से लेकर MAHA TET तक, दांव पर करोड़ों छात्रों का भविष्य

भारत में हाल ही में हुए बड़े पेपर लीक मामलों की पूरी जानकारी. जानें NEET UG और महाराष्ट्र TET 2026 परीक्षाओं के रद्द और स्थगित होने की असली वजह. साथ ही पिछले सालों में कौन-कौन से पेपर लीक हुए इसके बारे में भी बताएंगे.

देश में पेपर लीक का संकट: NEET UG से लेकर MAHA TET तक, दांव पर करोड़ों छात्रों का भविष्य
महाराष्ट्र में भी पेपर लीक का एक ताजा मामला सामने आया है. 28 जून 2026 (रविवार) को होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) को परीक्षा से ठीक एक दिन पहले शनिवार (27 जून) को स्थगित कर दिया गया.

Paper Leak in 2026 : पिछले कुछ महीनों में भारत की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर कई बड़े विवाद सामने आए हैं. देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक NEET UG से लेकर राज्य स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) तक, पेपर लीक और गड़बड़ियों के मामलों ने करोड़ों छात्रों के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है. परीक्षा देने वाले युवाओं और उनके परिवारों में इस समय गहरी चिंता और नाराजगी है. आइए जानते हैं इस साल कौन सी दो बडी परीक्षाओं को पेपर लीक के कारण रद्द करना पड़ा. साथ ये भी जानेंगे पिछले कुछ सालों में कौन-कौन सी परीक्षाओं को पेपर लीक के कारण निरस्त करना पड़ा.

1. देश की सबसे बड़ी मेडिकल परीक्षा NEET UG 202

3 मई 2026 को देश भर में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी NEET UG परीक्षा का आयोजन किया गया था. इस परीक्षा में करीब 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे. परीक्षा के तुरंत बाद राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से पेपर लीक की खबरें आने लगीं. जांच में पता चला कि परीक्षा से पहले ही व्हाट्सएप और कोचिंग सेंटरों के जरिए एक 'गेस पेपर' लीक किया गया था, जिसमें से करीब 120 से 140 सवाल असली परीक्षा से हूबहू मिल रहे थे. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 12 मई 2026 को सरकार ने इस परीक्षा को रद्द कर दिया. साथ ही 21 जून को परीक्षा को दोबारा आयोजित की गई. इस बार एनटीए पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षा व्यस्था को लेकर सख्त थी ताकि किसी भी हालत में परीक्षा में गड़बड़ी न हो. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच सीबीआई (CBI )  कर रही है और कई कोचिंग संचालकों और प्रोफेसरों को गिरफ्तार भी किया गया है.

2. परीक्षा से ठीक एक दिन पहले MAHA TET 2026 पेपर लीक

महाराष्ट्र में भी पेपर लीक का एक ताजा मामला सामने आया है. 28 जून 2026 को होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) को परीक्षा से ठीक एक दिन पहले शनिवार यानी 27 जून को स्थगित कर दिया गया.

दरअसल, महाराष्ट्र पुलिस को ठाणे जिले के भिवंडी से खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ लोगों के पास परीक्षा से जुड़े सवाल पहले से मौजूद हैं. अधिकारियों ने जब इसकी जांच की, तो बरामद सवाल असली पेपर से मैच कर गए. परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने तुरंत इसे टाल दिया. इस मामले में भी मुख्यमंत्री ने एक SIT का गठन किया है. अब तक इस मामले में 3 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. 

ये तो बात हो गई इस साल के पेपर लीक की अब आते हैं पिछले सालों में कितने पेपर लीक हुए हैं उस पर...

2025 में कौन से पेपर लीक हुए

OTET पेपर लीक

2025 में, ओडिशा में बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (BSE) ने स्पेशल ओडिशा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (OTET) को अचानक रद्द कर दिया, क्योंकि प्रश्न पत्र लीक होने के आरोप लगे थे. परीक्षा रद्द करने की घोषणा परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले की गई थी, जिसमें 75,000 से ज्यादा उम्मीदवार शामिल होने वाले थे.

LDCE पेपर लीक

मार्च में रेलवे बोर्ड ने ग्रुप 'C' के लिए सभी लिमिटेड डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (LDCE) और जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (GDCE) रद्द कर दिए. यह फैसला CBI द्वारा पेपर लीक के मामले में 26 कर्मचारियों को गिरफ्तार करने के बाद लिया गया.

2024 में कौन से पेपर लीक हुए

UGC-NET लीक

2024 में, यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन-नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (UGC-NET) 2024 को परीक्षा होने के एक दिन बाद ही रद्द कर दिया गया, क्योंकि इसकी निष्पक्षता पर सवाल उठे थे. रद्द होने की घोषणा से 9 लाख से ज्यादा छात्र परेशानी में आ गए थे लेकिन बाद में यह परीक्षा ऑनलाइन आयोजित की गई.

NEET-UG 2024 लीक

NEET-UG 2024 में भी पेपर लीक के आरोपों के बाद देश भर में आक्रोश फैल गया. जांच में पता चला कि परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र को पैसे लेकर चलाए जाने वाले WhatsApp ग्रुप में बांटा गया था. NTA से जुड़े लोगों समेत कई गिरफ्तारियां हुईं, जिससे एक 'संगठित नेटवर्क' का पता चला.

NEET-PG और CSIR-UGC NET हुई रद्द

NEET-PG और CSIR-UGC NET परीक्षाओं को भी आखिरी समय में रद्द कर दिया गया, क्योंकि अधिकारियों ने चिंता जताई थी कि परीक्षाओं की निष्पक्षता से समझौता हो सकता है.

2023 में कौन से पेपर लीक हुए

बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2023 रद्द

बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2023 को नकल और प्रश्न पत्र लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया. सेंट्रल सिलेक्शन बोर्ड ऑफ कॉन्स्टेबल्स (CSBC) ने 1 अक्टूबर को राज्य के कई केंद्रों पर आयोजित लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया. पूरे राज्य में सघन तलाशी अभियान चलाकर, पेपर लीक के मामले में 130 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया.

2022 में कौन से पेपर लीक हुए

67वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा रद्द

साल 2022 में भी पेपर लीक, तकनीकी खराबी और उसके बाद परीक्षाओं के रद्द होने जैसी कई घटनाएं हुईं. बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन ने अपनी 67वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा (Combined Preliminary Exam) को रद्द कर दिया, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही पेपर लीक हो गया था और सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर फैल गया था. बाद में उसी साल सितंबर में प्रारंभिक परीक्षा दोबारा आयोजित की गई.

हालांकि CUET-UG 2022 परीक्षा पूरी तरह से रद्द नहीं की गई थी, लेकिन इसके दूसरे और चौथे चरण की परीक्षाओं के दौरान कई तकनीकी दिक्कतें आईं, जिसके कारण कई जगहों पर इसे रद्द करना पड़ा.

यह भी पढ़ें- UPSC Recruitment 2026: सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, यूपीएससी ने निकाली Group A और B के 105 पदों पर भर्ती

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Paper Leak News Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com