पक्के इरादे, कड़ी मेहनत और लगातार संघर्ष की वजह से रूपनगर के एक नौजवान गुरसिमरनजीत सिंह ने इंडियन एयर फोर्स की फ्लाइंग ब्रांच में चुनकर जिले का नाम रोशन किया है. कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) और AFCAT एग्जाम पास करने के बाद, उन्होंने SSB इंटरव्यू पास किया और ऑल इंडिया लेवल पर 52वीं रैंक हासिल की. गुरसिमरनजीत सिंह ने अपनी शुरुआती पढ़ाई अटारी के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की. क्लास 10 के बाद, उन्होंने मोहाली के मेरिटोरियस स्कूल में एडमिशन लिया. जहां उन्हें नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने इसकी तैयारी शुरू कर दी.
फेल होने के बावजूद नहीं मानी हार
तीन बार NDA एग्जाम में फेल होने के बावजूद, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे. 12वीं के बाद, वह पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के तौर पर शामिल हो गए. लेकिन उन्होंने सरकारी नौकरी मिलने के बाद भी अपनी पढ़ाई को जारी रखा. नौकरी के साथ-साथ उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से BA की पढ़ाई की और डिग्री हासिल की. इसके साथ ही उन्होंने CDS और AFCAT की तैयारी भी जारी रखी. गुरसिमरनजीत ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान भी मैंने पढ़ाई की. मेरा तीसरे फ्लोर पर रूम था. मैं वहां छत पर जाकर पढ़ाई करता था. उसकी वजह से आज ये नतीजा मुझे मिला है.
गुरसिमरनजीत ने CDS के लिए छह और AFCAT के लिए चार कोशिशें कीं, जिनमें से एक CDS और दो AFCAT एग्जाम में उन्हें सफलता मिली. आखिरी मौके पर उन्होंने SSB इंटरव्यू पास करके अपने बचपन का सपना पूरा किया. अगर सही लक्ष्य के साथ मेहनत की जाए तो हर हार को सफलता में बदला जा सकता है. गुरसिमरनजीत सिंह की सफलता की ये कहानी उन तमाम लोगों के लिए जो जीवन में कुछ बड़ा करने का सपना देखते हैं.
(इनपुट- पुलकित कुमार)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं