नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार के iGOT कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म पर 'परीक्षा कर्मयोगी' (Pariksha Karmayogi ) नाम से एक विशेष डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है. इस कार्यक्रम को परीक्षा अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने और ऑफलाइन, पेन-एंड-पेपर आधारित परीक्षाओं को सुचारू, सुरक्षित और मानकीकृत तरीके से आयोजित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है. यह कोर्स मुख्य रूप से परीक्षा अधिकारियों, विशेषकर केंद्र अधीक्षकों (Centre Superintendents) और निरीक्षकों (Invigilators) के लिए है, जो NEET (UG) सहित NTA की अन्य परीक्षाओं के आयोजन से जुड़े हैं.
इस कार्यक्रम में चार मॉड्यूल शामिल हैं जो मिलकर पूरी परीक्षा प्रक्रिया को कवर करते हैं-
| मॉड्यूल 1 | इस कोर्स का परिचय देता है और निष्पक्षता, पारदर्शिता व सत्यनिष्ठा बनाए रखने में परीक्षा अधिकारियों की भूमिका को समझाता है. |
| मॉड्यूल 2 | परीक्षा से पहले की तैयारियों को कवर करता है, जिसमें परीक्षा केंद्र की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का पालन शामिल है. |
| मॉड्यूल 3 | परीक्षा के दिन के कामकाज से संबंधित है, जिसे चार चरणों में बांटा गया है: परीक्षा से पहले, परीक्षा की शुरुआत में, परीक्षा के दौरान और परीक्षा के बाद. |
| मॉड्यूल 4 | क्विक रेफरेंस गाइड प्रदान करता है, जो मुख्य निर्देशों और जिम्मेदारियों का एक संक्षिप्त विवरण देता है. |
यह कोर्स देशभर के परीक्षा कर्मियों के लिए मानकीकृत, अपनी गति से सीखने (self-paced learning) और मूल्यांकन-आधारित प्रमाणन (certification) की सुविधा देता है. इस पहल का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों पर नियमों के पालन, कार्यकुशलता और जवाबदेही को बढ़ाना है. बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय परीक्षाओं के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए अच्छी तरह से प्रशिक्षित परीक्षा कर्मी बेहद महत्वपूर्ण हैं.
परीक्षा प्रणाली ओर मजबूत करने की ओर कदम
देश भर में परीक्षा प्रशासन के समान मानक स्थापित करके, यह कार्यक्रम परीक्षाओं के आयोजन में उत्कृष्टता और सत्यनिष्ठा (Excellence and Integrity) के प्रति NTA की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है. यह पहल तकनीक-आधारित क्षमता निर्माण का लाभ उठाने और प्रशिक्षित एवं प्रमाणित कर्मियों के माध्यम से परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने के NTA के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं