NEET Students Guidance : नीट-यूजी,2027 की आयोजन-प्रक्रिया को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं,सभी के अपने-अपने विचार हैं, सुझाव हैं. विभिन्न राज्यों ने भी अपने सुझाव स्पष्टता एवं दृढ़ता के साथ सभी कई मंचों पर व्यक्त किए हैं. नीलेकणी-कमेटी की सिफारिशें क्या होंगी, कितनी सिफारिशें शिक्षा मंत्रालय-भारत सरकार द्वारा मान्य होंगी. 7-सदस्यों की हाई लेवल कमेटी आफ एक्सपर्ट्स-एचएलसीई भी तो इसरो के पूर्व अध्यक्ष के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में 2-वर्ष पूर्व-2024 में गठित की गई थी, क्या निर्णय हुए उसकी सिफारिशें पर!!
आयोजन ऑनलाइन होगा या ऑफलाइन, आयोजन साल में एक बार होगा या दो-बार, फाइनल मेरिट-लिस्ट में 12वीं-बोर्ड के नंबर शामिल किए जाएंगे या नहीं, क्या क्वेश्चन पेपर अब आईआईटी,एम्स और आईआईएससी-बेंगलुरु जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विषय विशेषज्ञ द्वारा तैयार किया जाएगा?
ऐसे कई प्रश्न अनुत्तरित हैं और निश्चित तौर पर ये अनुत्तरित प्रश्न स्टूडेंट्स एवं अभिभावकों की मनोदशा को प्रभावित कर रहे हैं, एक सीमा तक उन्हें विचलित भी कर रहे हैं.
इसको लेकर एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए यह समय विचलित होने का नहीं है, लक्ष्य से भटकने का नहीं है. सच्चाई यह है कि नीट-यूजी,2027 में सफलता के लिए जरूरी विषय-वस्तु पर विद्यार्थी की पकड़,समय पर सिलेबस का समाप्त होना, समय पर रिव़ीजन होना,समय पर टेस्ट-सीरीज का आयोजन, टेस्ट-परफॉर्मेंस का एनालिसिस और जरूरी सुधारों का पूरा होना है.
स्टूडेंट्स के लिए यह जरूरी है कि मनोदशा को भविष्य की परिस्थितियों से अप्रभावित रखते हुए पूरी ऊर्जा के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए परिश्रम करते रहें, निरंतर सकारात्मक प्रयास करते रहें.
निरर्थकता छोड़कर सार्थकता अपनाएं विद्यार्थी
देव शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों के बीच ऑनलाइन-आयोजन के लिए साधनों की उपलब्धता,ऑफलाइन आयोजन में पेपर लीक की संभावना, एक से अधिक बार आयोजन के लिए समय की कमी, मेरिट लिस्ट में 12वीं बोर्ड के अंकों का शामिल किया जाना, ऐसे मुद्दों को लेकर होने वाली चर्चाएं बिल्कुल बेकार हैं. इन चर्चाओं के निरर्थक होने के दो कारण हैं-
पहला
यह चर्चाएं विद्यार्थी की नीट-यूजी,2027 में स्कोरिंग-क्षमता से संबंधित नहीं है और नीट-यूजी में सफलता का निर्धारण स्कोरिंग क्षमता द्वारा ही किया जाता है.
दूसरा
चर्चाओं के दौरान विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद होने की संभावना बढ़ जाती है, जो सफलता की संभावना पर नकारात्मक प्रभाव डालती है.
परसेंटाइल जरूरी है परसेंटेज नहीं
देव शर्मा ने बताया कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में सफलता का आधार परसेंटाइल है, परसेंटेज नहीं. क्योंकि आयोजन की प्रोसेस, क्वेश्चन-पेपर का डिफिकल्टी लेवल, क्वेश्चन-पेपर पैटर्न में अप्रत्याशित परिवर्तन एक विद्यार्थी को नहीं बल्कि सभी विद्यार्थियों को प्रभावित करेंगे. ऐसी एकसमान नव-परिस्थितियों में परसेंटाइल प्रभावित नहीं हो सकती, भले ही परसेंटेज प्रभावित हो जाए. परसेंटेज का प्रभावित होना मेरिट-लिस्ट को प्रभावित नहीं कर सकता क्योंकि मेरिट में तो सबसे ज्यादा नंबर प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को चाहे उसका परसेंटेज कुछ भी हो लेकिन हमेशा ही हंड्रेड-परसेंटाइल प्राप्त होगा और फिर तुलनात्मक आधार पर शेष परसेंटाइल और मेरिट सूची तय होगी.
यह भी पढ़ें- CSIR UGC NET December 2026: सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी, जानें किस शहर में होगा एग्जाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं