ब्रिक्स समिट के बीच NDA CDS एग्जाम होने जा रहा है. 13 सितंबर को ये परीक्षा आयोजित होगी, जिसे लेकर अभ्यर्थी परेशान हैं. परेशानी ब्रिक्स समिट के दौरान लगने वाली ट्रैफिक पाबंदियों को लेकर है. इसी बीच दिल्ली पुलिस ने परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को बड़ी राहत दी है. दिल्ली पुलिस की तरफ से बताया गया है कि छात्रों की समस्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो से बातचीत की गई और अब परीक्षा के दिन सभी मेट्रो लाइन्स पर सुबह 6 बजे से मेट्रो सर्विस शुरू कर दी जाएगी.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल दिल्ली पुलिस को एक अभ्यर्थी ने एक पोस्ट में टैग करते हुए कहा था कि परीक्षा केंद्र पर सुबह वक्त से पहुंचने के लिए मेट्रो सर्विस उपलब्ध नहीं है. इसके बाद समस्या पर तुरंत संज्ञान लेते हुए, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने NDA/CDS परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए DMRC साथ बात की और इस पर फैसला लेने के लिए कहा गया.
दिल्ली पुलिस ने इसे लेकर कहा, "हमें ये बताते हुए खुशी हो रही है कि परीक्षा के दिन सभी मेट्रो लाइनों पर सुबह 6:00 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू हो जाएंगी. हम अभ्यर्थियों की मदद और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए दिल्ली मेट्रो (DMRC) के सहयोग का दिल से आभार व्यक्त करते हैं. आपकी समस्या हमारे लिए मायने रखती है. हर अभ्यर्थी का यह सफर हमारे लिए महत्वपूर्ण है. सभी एनडीए/सीडीएस (NDA/CDS) अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए ढेरों शुभकामनाएं"

कितने बजे से शुरू होगा एग्जाम?
सेना में अफसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए 13 सितंबर को सुबह 9 बजे से एग्जाम देना होगा. परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए सुबह जल्दी निकलना होता है, ऐसे में सबसे अच्छा साधन मेट्रो है, जिसमें किसी भी तरह का ट्रैफिक नहीं मिलता है और अभ्यर्थी वक्त पर एग्जाम सेंटर पहुंच जाते हैं. अलग-अलग पेपर की टाइमिंग कुछ इस तरह है -
- इंग्लिश - सुबह 9 बजे से 11 बजे तक
- जनरल नॉलेज - 12:30 से 02:30 तक
- एलिमेंट्री मैथ्स - शाम 4 बजे से 6 बजे तक
ये भी पढ़ें - क्या है गणित की वो पहेली जिसे सुलझाने पर है 9 करोड़ का इनाम, openAI ने किया सॉल्व करने का दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं