IPS अधिकारियों को ट्रेनिंग के दौरान एक खास यूनिफॉर्म मिलती है, जिसमें एक स्टार लगा होता है. इसके अलावा उनकी बांह पर लाल बैज लगा होता है, जिस पर एक संख्या के साथ RR लिखा होता है. कई लोगों को समझ नहीं आता है कि भावी आईपीएस अधिकारियों के कंधे पर ये शब्द क्यों लिखे होते हैं और इनका मतलब क्या होता है. आज हम आपको बताएंगे कि हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में ट्रेनिंग लेने वाले IPS प्रोबेशनर के कंधे के बैज पर लिखे RR का असली मतलब आखिर होता क्या है.
क्यों लिखा होता है RR?
ट्रेनिंग लेने वाले आईपीएस अधिकारियों के कंधे पर लिखा RR ये बताता है कि वो अधिकारी पुलिस सेवा में किस तरह आया है. इसकी फुलफॉर्म रेगुलर रिक्रूट (RR) होती है. यानी ये अधिकारी सीधे UPSC की सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद IPS के लिए चुने गए हैं. ट्रेनिंग के बाद उनके कंधे से इसे हटा दिया जाता है और फिर वर्दी भी बदल जाती है.
RR के आगे लगा नंबर क्या है?
अगर आपने गौर किया हो तो ट्रेनिंग के दौरान IPS अधिकारियों के कंधे पर लिखे RR के आगे एक नंबर भी लिखा होता है. इसका मतलब होता है कि अधिकारी किस साल में आईपीएस के लिए चुना गया है. साल 1947 से ये व्यवस्था शुरू हुई थी, यानी तब बैज पर 1 RR लिखा गया था. इसके बाद ये नंबर बढ़ता गया और आज भी हर बैच के अधिकारियों के कंधे पर ये नंबर लिखा जाता है. यानी अगर 2026 का कोई अधिकारी होगा तो उसके कंधे पर 78 RR लिखा होगा.
कितने साल की होती है ट्रेनिंग?
IPS अधिकारियों की ट्रेनिंग काफी सख्त होती है. UPSC क्रैक करने के बाद सबसे पहले तीन महीने तक मसूरी के LBSNAA में फाउंडेशन कोर्स होता है. इसके बाद आईपीएस अधिकारियों को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) हैदराबाद भेजा जाता है. यहां आईपीएस अधिकारियों को दो चरणों में ट्रेनिंग दी जाती है. जिसमें पहले 11 महीने का बेसिक कोर्स होता है और इसके बाद 6 महीने की डिस्ट्रिक्ट प्रैक्टिकल ट्रेनिंग शामिल होती है. इसके बाद उन्हें पहली पोस्टिंग दी जाती है.
यह भी पढ़ें | किसान का बेटा सरकारी स्कूल में पढ़कर बना IPS, दिल्ली में शाहदरा DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा की सक्सेस स्टोरी
यह भी पढ़ें | जापान के बच्चे भी सीखेंगे सुपर-30 के आनंद कुमार वाली गणित, मिला स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं