जयपुर के सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन (iON Digital Zone) परीक्षा केंद्र पर NEET-PG परीक्षा के दौरान बिजली सप्लाई में दिक्कत के कारण अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली गुल होने से नाराज अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया और केंद्र प्रशासन से बिजली व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा. अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा प्रभावित होने की आपत्ति भी दर्ज कराई गई. हंगामे के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है.
पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग की
केंद्र अधीक्षक से पूरे मामले की जानकारी लेकर बोर्ड को रिपोर्ट भेजी जा रही है. हालांकि अभ्यर्थियों की मांग है कि पूरी परीक्षा रद्द करके करवाई जानी चाहिए. सेंटर की गलती वे क्यों भुगते. दोबारा परीक्षा में पेपर का पैटर्न और लेवल सब अलग होगा.
NEET-PG परीक्षा के दौरान कड़े प्रतिबंध
जयपुर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए थे. परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में कई तरह की पाबंदियां लागू की गई. प्रशासन का आदेश सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान ई-मित्र, फोटोकॉपी सेंटर और साइबर कैफे बंद रहेंगे.
परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई थी. 300 मीटर के दायरे में कोचिंग संस्थानों के संचालन और लाउडस्पीकर-डीजे पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. केंद्रों पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश मिलेगा, जबकि संदिग्ध गतिविधियों और भीड़भाड़ पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी. परीक्षा से जुड़ी अफवाहें सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
AIAPGET परीक्षा के दौरान बिजली हुई थी गुल
बता दें कि इससे पहले NTA द्वारा आयोजित AIAPGET परीक्षा के दौरान जयपुर के एक सेंटर पर बिजली गुल हो गई थी. जयपुर स्थित श्री सत्य साई पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 22 अगस्त 2026 को 192 अभ्यर्थी AIAPGET 2026 की परीक्षा देने पहुंचे थे. लेकिन केंद्र पर बिजली गुल होने के कारण 49 उम्मीदवार अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए. इसके बाद NTA ने उन अभ्यर्थियों के लिए 49 अभ्यर्थियों के लिए री-एग्जाम कराने का फैसला लिया है, जिनकी परीक्षा पूरी नहीं हो सकी थी.
यह भी पढे़ं- IIT-IIM से पढ़ाई, फिर UPSC की तैयारी, ऐसे IAS बनीं दिव्या मित्तल; पढ़ें Success Story
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं