कोलकाता के भारतीय सांख्यिकी संस्थान (ISI) में प्रोफेसर नीना गुप्ता ने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जिससे उनका नाम दुनियाभर में लिया जा रहा है. टाइम मैगजीन की 'टाइम100 नेक्स्ट इंडिया लिस्ट 2026' में उन्हें जगह दी गई है. नीना गुप्ता ने 70 साल पुरानी गणित की पहेली को सुलझाया है, अपने इस काम के लिए उन्होंने गणित के क्षेत्र में दुनियाभर में बड़ी पहचान बनाई है. इससे पहले आधुनिक गणित में योगदान के लिए उन्हें कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं.
2014 में मिला था सम्मान
नीना गुप्ता ने 2014 में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा था. तब उन्होंने 'जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम' के एक हिस्से का काउंटर एग्जाम्पल खोज निकाला था, जो पहली बार 1949 में सामने आई थी. इसके बाद उनकी रिसर्च की दुनियाभर में चर्चा हुई. इसके बाद वो कई ऐसे काम कर चुकी हैं, जिनसे गणित की दुनिया में आज उन्हें तमाम लोग जानते हैं और सम्मान करते हैं. उन्हें 2019 में शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार और 2024 का इंफोसिस प्राइज भी मिला था.
क्या था सवाल?
नीना गुप्ता ने जिस पहेली को सुलझाने का काम किया, उसमें अगर दो गणितीय आकृतियों में एक और डाइमेंशन जोड़ने पर उनकी संरचना एक जैसी दिखने लगे, तो क्या इसका ये मतलब है कि वे पहले से ही एक जैसी थीं. नीना गुप्ता ने दिखाया कि कुछ खास स्थितियों में इसका जवाब 'नहीं' भी हो सकता है. इसके लिए उन्होंने गणितज्ञ ताकानोरी असानुमा की पहले तैयार किए गए थ्री-डायमेंशनल ए affine वैरायटी का इस्तेमाल कर ये उदाहरण पेश किया. गणित की इस पहेली को अमेरिकी गणितज्ञ ऑस्कर जारिस्की ने पेश किया था.
गणित को बना लिया शौक
नीना गुप्ता ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने बचपन से ही गणित को एक बोझ समझने की बजाय शौक बना लिया था. उन्होंने 2006 में बेथ्यून कॉलेज से गणित में बीएससी (ऑनर्स) किया. इसके बाद 2008 में मास्टर्स के लिए भारतीय सांख्यिकी संस्थान से जुड़ीं और वहीं से 2011 में एलजेब्रा में पीएचडी पूरी की. नीना कहती हैं कि अगर किसी विषय को लेकर जुनून है, तो उसकी बुनियादी समझ पर शुरुआत से ही ध्यान देना चाहिए.
यह भी पढ़ें | AI भी नहीं छीन पाएगा इन 5 डिग्रियों की चमक, फ्यूचर में हमेशा रहेगी डिमांड
यह भी पढ़ें | IIT खड़गपुर से TIME100 Next तक: ISRO की नौकरी छोड़ इस भारतीय ने बनाया ऐसा रॉकेट, दुनिया ने किया सलाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं