स्कूल में पढ़ रहे छात्रों के लिए IIT मद्रास जाने का शानदार मौका है. संस्थान की तरफ से पहली बार अपने 'स्कूल कनेक्ट' प्रोग्राम के तहत 9वीं से लेकर 12वीं के छात्रों को इनवाइट किया जा रहा है. इसके अक्टूबर 2026 बैच के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो चुके हैं. छात्र IIT मद्रास की आधिकारिक वेबसाइट code.iitm.ac.in पर जाकर इस प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस प्रोग्राम के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 है. वहीं, इन कोर्स की शुरुआत 5 अक्टूबर 2026 से होगी.
हिंदी में भी होगा कोर्स
IIT मद्रास की तरफ से जारी स्टेटमेंट में बताया गया है कि इस पहल का उद्देश्य स्कूली छात्रों को तमाम शैक्षणिक विषयों की जानकारी देना है, जिससे वो अपनी भविष्य की पढ़ाई और करियर को लेकर सही फैसले ले सकें. ये कोर्स अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी में भी होंगे. इन्हें IIT मद्रास और बाकी बड़े संस्थानों के प्रोफेसरों ने तैयार किया है.
कोर्स में क्या-क्या होगा?
हर कोर्स 8 हफ्ते का एक ऑनलाइन लर्निंग एक्सपीरियंस है. इसमें प्री-रिकॉर्डेड लेक्चर्स, लाइव सेशंस, असाइनमेंट और कंप्यूटर आधारित असेसमेंट शामिल हैं. जो छात्र तय शर्तों और जरूरतों को पूरा करेंगे, उन्हें IIT मद्रास CODE (सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन) की तरफ से ई-सर्टिफिकेट दिया जाएगा.
25 हजार स्कूलों तक पहुंचने का टारगेट
इस तरह के प्रोग्राम्स को लेकर IIT मद्रास के सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन (CODE) के चेयरपर्सन प्रो. एंड्रयू थंगराज ने कहा, "स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम इसलिए बनाया गया था कि छात्र जरूरी शैक्षणिक विकल्प चुनने से पहले अलग-अलग क्षेत्रों को समझ सकें और उनका अनुभव ले पाएं. इस साल हम 9वीं कक्षा के छात्रों के लिए भी इस प्रोग्राम को शुरू करके बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि शुरुआत में ही सही एक्सपोजर मिलने से छात्रों को अपनी रुचि पहचानने में ज्यादा समय मिलेगा. हमारा टारगेट अब इस मौके को देश भर के 25,000 स्कूलों के छात्रों तक पहुंचाना है."
ये है तमाम कोर्सेस की लिस्ट
- डेटा साइंस और एआई (Data Science and AI)
- एयरोस्पेस (Aerospace)
- साइबर सिक्योरिटी (Cybersecurity)
- इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम (Electronic Systems)
- केमिकल इंजीनियरिंग (Chemical Engineering)
- मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग (Molecular Engineering)
- आर्किटेक्चर एंड डिजाइन (Architecture and Design)
- प्रोडक्ट डिजाइन (Product Design)
- लॉ/कानून (Law)
- इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस (Economics and Finance)
- ह्यूमैनिटीज (Humanities)
- इकोलॉजी (Ecology)
- डिजिटल ह्यूमैनिटीज (Digital Humanities)
- गेम टेक्नोलॉजी (Game Technology)
- मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग (Mathematics and Computing)
- इंजीनियरिंग बायोलॉजिकल सिस्टम्स (Engineering Biological Systems)
ये भी पढ़ें - दिन में तीन बार हाजिरी और टीचर्स के लिए ड्रेस कोड, CBSE स्कूलों के लिए हिमाचल सरकार के नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं