हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों में अगर आपको स्कूल जाते शिक्षक एक खास ड्रेस में नजर आएं तो हैरान होने की जरूरत नहीं है. हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने जा रही है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि वो राज्य सरकार की तरफ से चलाए जा रहे सीबीएसई (CBSE) स्कूलों के शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड, छात्रों के लिए यूनिफॉर्म और स्कूल की इमारतों के लिए एक अलग रंग तय करें. शिक्षा विभाग की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इन स्कूलों में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड इसी साल 1 अक्टूबर से लागू कर दिया जाएगा.
स्कूलों के लिए नया लोगो भी होगा जारी
हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की इस बैठक में अधिकारियों के साथ स्कूलों के लिए एक नया लोगो (Logo) फाइनल करने पर भी चर्चा की. आने वाले कुछ महीनों में इस नए लोगो को भी लॉन्च किया जा सकता है. इसके साथ ही स्कूलों में तीन बार की हाजिरी का नियम भी लागू होगा. सीएम सुक्खू ने कहा कि अनुशासन और समय की पाबंदी बनाए रखने के लिए इन स्कूलों में दिन में तीन बार हाजिरी लगाई जाएगी.
अच्छी शिक्षा के लिए प्रयास
इस दौरान हिमाचल प्रदेश के सीएम ने कहा, "राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले छात्रों को सीबीएसई स्कूलों के माध्यम से अच्छी शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सरकारी सीबीएसई स्कूलों में बच्चों को कम खर्च में शिक्षा मिलेगी, जबकि प्राइवेट सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाई काफी महंगी होती है." सरकार कोशिश कर रही है कि लोग अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाए, जिसके लिए पहले कई तरह के बदलाव जरूरी हैं.
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि सरकार ने इन स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती कर दी है और भविष्य में खाली होने वाले पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें - Apple के आधे कटे सेब वाले Logo का नीम करौली बाबा से है कोई कनेक्शन? जानें क्या है सच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं