- जम्मू-कश्मीर के बडगाम शहर को स्वच्छ शहर पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों से मिला है
- बडगाम के जिला कलेक्टर जतिन किशोर ने यह पुरस्कार अपने सोशल मीडिया पर गर्व के साथ साझा किया है
- जतिन किशोर UPSC 2019 में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले एजीएमयूटी कैडर के IAS अधिकारी हैं
ias jatin kishore budgam collector: जम्मू-कश्मीर के बडगाम शहर को 'स्वच्छ शहर पुरस्कार' से नवाजा गया है. स्वच्छ सिटी अवार्ड बडगाम जिला कलेक्टर जतिन किशोर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों से प्राप्त किया है. जतिन किशोर भारतीय प्रशासनिक सेवा के वह IAS अधिकारी हैं, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2019 में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया था. पहले UPSC टॉपर और अब स्वच्छ शहर बडगाम के जिला कलेक्टर के रूप में पहचान बना चुके IAS जतिन किशोर की सक्सेस स्टोरी हर युवा को प्रेरित करने वाली है.
सबसे पहले चर्चा स्वच्छ सिटी अवार्ड की, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों से प्राप्त करने के बाद IAS जतिन किशोर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी साझा की. तस्वीर के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, ''बडगाम शहर के लोगों की ओर से, भारत के माननीय राष्ट्रपति जी के हाथों 'स्वच्छ शहर पुरस्कार' (Swacch City Award) प्राप्त करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान और गौरव की बात है. यह जम्मू-कश्मीर और बडगाम के लिए गर्व का क्षण है!''

स्वच्छ सिटी अवार्ड बडगाम जिला कलेक्टर जतिन किशोर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों से प्राप्त किया है. Photo Credit: jatin kishore
बता दें कि जतिन किशोर एजीएमयूटी कैडर के 2020 बैच के IAS अधिकारी हैं. 7 अक्टूबर 2026 को जम्मू-कश्मीर में 49 IAS और PCS अधिकारियों के तबादले किए गए थे. 2016 बैच के चर्चित IAS अतहर आमिर खान का बडगाम से जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय मिशन के प्रबंध निदेशक पद पर ट्रांसफर किया गया और अतहर आमिर खान की जगह IAS जतिन किशोर को बडगाम जिला मजिस्ट्रेट पद पर तैनात किया गया. 12 अक्टूबर को अतहर आमिर खान ने जतिन किशोर को बडगाम जिला कलेक्टर पद का कार्यभार सौंपा.
जतिन किशोर की सक्सेस स्टोरी
IAS जतिन किशोर ने साल 2018 में पहली बार UPSC में भाग्य आजमाया, मगर तब वह प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाए थे. दूसरे प्रयास में उन्होंने देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया. दिल्ली के रहने वाले जतिन किशोर के पिता ललित किशोर आयकर विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां शिक्षिका हैं.

IAS अतहर आमिर खान ने IAS जतिन किशोर को बडगाम जिला कलेक्टर पद का कार्यभार सौंपा. Photo Credit: jatin kishore
जतिन किशोर ने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़ाई की और अर्थशास्त्र में डिग्री हासिल की. UPSC परीक्षा पास करने से पहले उनका चयन इंडियन इकोनॉमिक सर्विस में हो चुका था. हालांकि, उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाना था और दूसरे ही प्रयास में उन्होंने UPSC 2019 में ऑल इंडिया रैंक-2 प्राप्त कर अपने सपने को साकार कर दिखाया. आज बडगाम को मिला स्वच्छ शहर पुरस्कार और जिला कलेक्टर के रूप में उनकी उपलब्धियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास के बल पर बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. IAS जतिन किशोर की यह यात्रा लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
यह भी पढ़ें- IAS अतहर आमिर खान की विदाई पर छलके जज्बात, UPSC टॉपर से न्यू ज्वानिंग तक की कहानी
यह भी पढ़ें- IAS ममता यादव को J&K में बड़ी जिम्मेदारी, हरियाणा की Gen Z का UPSC में अनूठा रिकॉर्ड भी
यह भी पढ़ें- किसान की बेटी अनुष्का चौधरी ने UPSC में रचा इतिहास, NDA पास कर गांव की पहली लेफ्टिनेंट बनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं