मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक मीडिया रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इसमें कहा गया है कि उन्होंने अपने साथी चुनाव आयुक्तों की सलाह को नजरअंदाज किया और आयोग में कई बड़े फैसले लिए. इसी बीच उनकी बेटी और नोएडा की डीएम मेधा रूपम भी पिछले दिनों चर्चा में रहीं, जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें एक केस में हर्जाना भरने का आदेश जारी किया. ज्ञानेश कुमार और मेधा रूपम के अलावा भी उनके परिवार में कई अधिकारी हैं, जो देश के अहम पदों पर तैनात हैं. आज हम आपको बताएंगे कि उनके परिवार में कौन किस पद पर है.
1988 बैच के IAS अधिकारी हैं ज्ञानेश कुमार
मुख्य चुनाव आयु्क्त ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. वो मूल रूप से आगरा के रहने वाले हैं और आईआईटी कानपुर से भी पढ़ाई कर चुके हैं. इसके अलावा हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से भी उन्होंने कोर्स किया था. इसके बाद वो यूपीएससी क्रैक कर आईएएस बन गए और फिर रिटायरमेंट के बाद उन्हें 2024 में देश का चुनाव आयुक्त बनाया गया.
नोएडा की डीएम मेधा रूपम
नोएडा की डीएम मेधा रूपम, ज्ञानेश कुमार की बड़ी बेटी हैं. मेधा रूपम शूटिंग चैंपियनशिप में मेडल भी जीत चुकी हैं, इसके बाद उन्होंने इकॉनोमिक्स से बीए किया और इसके साथ ही यूपीएससी की तैयारी भी की. उन्होंने 2013 में यूपीएससी में 10वीं रैंक लाकर टॉप किया. इसके बाद बतौर आईएएस अफसर उनका करियर शुरू हुआ. यूपी के कई जिलों में पोस्टिंग के बाद उन्हें नोएडा डीएम के तौर पर नियुक्ति मिली.
छोटी बेटी भी IRS अफसर
ज्ञानेश कुमार की छोटी बेटी अभिश्री भी IRS अफसर हैं. उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और इसके बाद यूपीएससी देकर इंडियन रेवेन्यू सर्विस में सिलेक्शन हुआ. अभिश्री फिलहाल इनकम टैक्स विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं.
दोनों दामाद भी हैं अफसर
ज्ञानेश कुमार के दोनों दामाद भी अफसर हैं. उनके बड़े दामाद और मेधा रूपम के पति मनीष बंसल एक आईएएस अफसर हैं और अभी आगरा में डीएम के तौर पर काम कर रहे हैं. 2014 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अफसर मनीष ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और एमटेक किया है. इसके बाद उन्होंने यूपीएससी में 53वीं रैंक लाकर सिविल सर्विस ज्वाइन की.
ज्ञानेश कुमार के छोटे दामाद यानी IRS अफसर अभिश्री के पति अक्षय लबरू भी IAS अफसर हैं. दोनों ही बैचमेट थे और ट्रेनिंग के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी. 2020 में दोनों की शादी हुई थी. जम्मू-कश्मीर से आने वाले अक्षय ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए किया है और जेएनयू से मास्टर डिग्री हासिल की है. उन्होंने 2017 में अपने पहले ही अटेंप्ट में यूपीएससी क्रैक किया था.
परिवार के बाकी लोग भी बड़े पदों पर
ज्ञानेश कुमार के परिवार के बाकी लोग भी बड़े पदों पर तैनात हैं. इनमें उनके भाई मनीष कुमार का नाम भी शामिल है, जो एक IRS अधिकारी हैं. इसके अलावा उनके बहनोई उपेंद्र जैन 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं.
ये भी पढ़ें - 59 साल की उम्र में मिली सरकारी नौकरी, बागपत के विजय कुमार 1999 से कर रहे थे तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं